पिथौरागढ़ : क्षमता से अधिक सवारियों में वाहन सीज की कार्रवाई : एआरटीओ
दीप पर्व को लेकर विशेष चेकिंग अभियान

सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में दीप पर्व के दृष्टिगत सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग ने सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। एआरटीओ (प्रवर्तन) शिवांश कांडपाल के नेतृत्व में चल रहे विशेष चेकिंग अभियान के तहत पिछले दो दिनों में 70 वाहनों के चालान किए गए हैं, जबकि 02 वाहनों को सीज किया गया है।

एआरटीओ कांडपाल ने बताया कि 18 से 25 अक्टूबर तक जनपद में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया जाएगा, जिसमें ओवरलोडिंग और फिटनेस जांच पर विशेष ध्यान रहेगा, जिसको लेकर दो टीमों प्रवर्तन दल और इंटरसेप्टर दल का गठन किया गया है। दल में प्रवर्तन अधिकारी महेन्द्र सिंह नेगी की अगुवाई में वाहनों के परमिट, बीमा, फिटनेस और अन्य दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है।
एआरटीओ कांडपाल ने बताया कि परिवहन विभाग ने सड़क सुरक्षा को लेकर एक एडवाइजरी भी जारी की है, जिसमें पुलिस और प्रशासन के सहयोग से दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु निर्देश जारी किए गए हैं। आरटीओ कांडपाल ने चेतावनी दी कि क्षमता से अधिक सवारी ले जाने पर वाहन सीज किया जाएगा, साथ ही परमिट और ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई भी की जाएगी।
उन्होंने आम जनता से दीपावली के दौरान सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने, सावधानीपूर्वक वाहन चलाने और ओवरलोडिंग से बचने की अपील की है। उन्होंने किसी भी वाहन में ओवरलोडिंग दिखाई देने पर सूचना शीघ्र विभाग को देने की बात भी कही है।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







