पिथौरागढ़ : एक ही शिकायत का दोहराव जनसुनवाई में नहीं होगा बर्दाश्त : जिलाधिकारी
जनसुवाई के दौरान जिलाधिकारी दिखे सख्त, लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश

प्रत्येक शिकायत का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर करने के साथ ही शिकायतकर्ता को समाधान की वास्तविक स्थिति से अवगत कराना सुनिश्चित किया जाए। यह बात आज जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनसुनवाई के दौरान विभागीय अधिकारियों से कही। उन्होंने चेतावनी भी दी कि एक ही शिकायत का दोहराव जनसुनवाई में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों से जुड़ी कई शिकायतें दर्ज की गई। साथ ही जिलाधिकारी ने लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को समस्या के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान विद्युत विभाग से संबंधित एक मामले में संबंधित अधिकारी के अनुपस्थित होने और बगैर अनुमति जनपद मुख्यालय से बाहर जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराज़गी जताई।
उन्होंने इस लापरवाही को गंभीर मानते हुए संबंधित अधिकारी का वेतन रोके जाने के निर्देश दिए। इस दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को आमजन की शिकायतों के प्रति संवेदनशीलता, उत्तरदायित्व और पारदर्शिता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सीएम हेल्पलाइन पोर्टल-1905 पर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा शिकायत बंद करने से पूर्व शिकायतकर्ता से वार्ता कर उसकी संतुष्टि की पुष्टि की जाए। जनसुनवाई में एडीएम योगेन्द्र सिंह, एसडीएम सदर मनजीत सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व अन्य लोग मौजूद थे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







