पिथौरागढ़ : सीमांत में खुशी की सुनहरी लहर
चीन की बॉक्सर को फाइनल में दी मात, जड़ा गोल्डन पंच, खुशी बनी एशियन चैम्पियन

सीमांत जनपद पिथौरागढ़ की प्रतिभाशाली बॉक्सर खुशी चंद ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का परचम लहराया है। बहरीन के मनामा में 23 से 30 अक्टूबर तक आयोजित तीसरे एशियाई युवा खेलों में खुशी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-17 बालिका वर्ग (44-46 किग्रा भारवर्ग) में स्वर्ण पदक जीत देश, प्रदेश और जिले का नाम रोशन किया है।

फाइनल मुकाबले में खुशी ने चीन की बॉक्सर लूओ जिन्शियु को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। इससे पहले उन्होंने लगातार शानदार प्रदर्शन करते हुए जार्डन, सऊदी अरब और मंगोलिया की बॉक्सर को पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया था। प्रतियोगिता से पूर्व खुशी ने एनआईएस पटियाला में 23 सितंबर से 20 अक्टूबर तक विशेष प्रशिक्षण प्राप्त किया।
मूल रूप से सीमांत जनपद पिथौरागढ़ के बड़ालू की रहने वाली खुशी नगर के मल्ल अकादमी में कोच विजेंद्र मल्ल से प्रशिक्षण ले रही हैं। उनकी बड़ी बहन निकिता चंद भी अंतरराष्ट्रीय स्तर की बॉक्सर हैं। जिला क्रीड़ा अधिकारी अनूप बिष्ट ने कहा कि खुशी चंद की यह उपलब्धि जनपद के सभी खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
वहीं जिला बॉक्सिंग संघ अध्यक्ष कमल पुनेड़ा, सचिव अजय राठौर, कोषाध्यक्ष बहादुर सिंह बोहरा, कैप्टन देवी चंद, भास्कर भट्ट, राजेंद्र जेठी, संजय साही, कमला बिष्ट, विनीता नेगी, निखिल महर, सुनीता मेहता, धमेन्द्र बोहरा, हेम उपाध्याय, जोगेन्दर बोहरा व महिमा विश्वकर्मा सहित कई खेलप्रेमियों ने खुशी और उनके कोच को शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







