पिथौरागढ़ : नशे से संबंधित गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाए : जिलाधिकारी
एनसीऑर्ड एवं राजस्व, पुलिस समन्वय बैठक संपन्न

कलेक्ट्रेट सभागार में आज जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई की अध्यक्षता में एनसीऑर्ड (एनसीओआरडी) तथा राजस्वदृपुलिस समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में अवैध अफीम, खसखस, पोस्त एवं भांग की खेती पर एनडीपीएस अधिनियम 1985 के तहत प्रभावी नियंत्रण और कार्यवाही की प्रगति की समीक्षा की गई।

इस दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि भांग की अवैध खेती, ड्रग्स की तस्करी और नशे से संबंधित सभी गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाए तथा हर सूचना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर कृषि कार्य न होने से भांग स्वतः उग रही है, जिसे तत्काल चिन्हित कर नष्ट किया जाए।
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने बताया कि जनपद में नशे का एक संगठित नेटवर्क सक्रिय है, जो छोटे-छोटे पॉकेट्स में सप्लाई कर रहा है। इस पर रोक लगाने के लिए जिले में सघन चेकिंग अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने मेडिकल स्टोर्स में सीसीटीवी अनिवार्य रूप से लगाने और डॉक्टरों द्वारा नशे में उपयोग की जाने वाली दवाओं की प्रिस्क्रिप्शन पर नियंत्रण की जानकारी दी।
जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि सभी विद्यालयों में निरंतर जागरूकता कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक, छात्रों की काउंसलिंग और अभिभावकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिया गया कि प्रतिबंधित दवाओं की सूची तैयार कर संस्थानों को उपलब्ध कराई जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि नेपाल सीमा से प्रतिबंधित दवाइयों की एंट्री जनपद में न हो। जिलाधिकारी ने समाज कल्याण विभाग को नशामुक्ति केंद्र स्थापित करने का प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश दिए।
साथ ही युवाओं में जागरूकता बढ़ाने के लिए क्रिकेट मैच, बाइक रैली और अन्य कार्यक्रम प्रत्येक माह आयोजित करने पर बल दिया। वन विभाग को भी अपनी भूमि पर भांग या किसी अन्य मादक पौधे की अवैध खेती पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया। बैठक में एसडीएम सदर मनजीत सिंह, प्रभारी मुख्य शिक्षा अधिकारी तरुण पंत, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसएस नवियाल,आईटीबीपी, एसएसबी, समाज कल्याण, आबकारी एवं अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







