पिथौरागढ़ : वाहनों का निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुसार हो संचालन : एआरटीओ
स्कूल बसों का सुरक्षा ऑडिट शुरू, संबंधितों को सख्त निर्देश

पिथौरागढ़ जनपद में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए परिवहन विभाग ने स्कूल बसों का सुरक्षा ऑडिट शुरू कर दिया है। अभियान के तहत जिले के सभी विद्यालयों की बसों का क्रमवार निरीक्षण किया जा रहा है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि वाहनों का संचालन निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुसार हो।

एआरटीओ (प्रवर्तन) शिवांश कांडपाल के निर्देशन में परिवहन विभाग की प्रवर्तन टीम ने विभिन्न स्कूल बसों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बसों के सभी आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। साथ ही सीसीटीवी कैमरे, जीपीएस सिस्टम, स्पीड गवर्नर की कार्यशीलता, अग्निशामक यंत्र और फर्स्ट एड किट की भी जांच की गई। एआरटीओ ने स्कूल प्रबंधन के साथ बैठक कर बच्चों की सुरक्षा से जुड़े विषयों पर चर्चा की और भविष्य में किसी भी तरह की लापरवाही न होने के निर्देश दिए।
एआरटीओ (प्रवर्तन) कांडपाल ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है और इसी उद्देश्य से यह सुरक्षा ऑडिट किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मार्गों पर भी नियमित रूप से प्रवर्तन कार्यवाही के तहत स्कूल बसों की जांच की जा रही है तथा वाहन चालकों एवं परिचालकों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि बच्चों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यदि किसी वाहन में मानकों के अनुरूप कमी पाई जाती है तो संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। निरीक्षण के दौरान परिवहन आरक्षी अमित उप्रेती, बलदेव और महेंद्र सिंह शामिल थे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







