पिथौरागढ़ : युवा संवाद कार्यक्रम का हुआ आयोजन
विभिन्न विषयों पर गहन चर्चा

सीमा जागरण मंच द्वारा मानस एकेडमी में युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मानस एकेडमी की निदेशक मीनू भट्ट ने की।

संवाद कार्यक्रम में युवाओं के साथ राष्ट्र जागरण, आंतरिक एवं अंतरिक्ष सुरक्षा, अवैध घुसपैठ, नशा उन्मूलन, आत्मनिर्भर भारत, सीमा दर्शन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
कार्यक्रम में सीमा जागरण मंच के प्रदेश संगठनकर्ता आशीष वाजपेयी ने युवाओं को संबोधित करते हुए उत्तराखंड के वीर महापुरुषों के जीवन, संघर्ष और बलिदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड त्याग, अध्यात्म, योग, मानवता और विश्व कल्याण का प्रतीक रही है, लेकिन आज कुछ असामाजिक तत्व इसके मूल स्वरूप को बदलने का प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पिथौरागढ़ जनपद तीन देशों की सीमाओं से घिरा हुआ है, ऐसे में यहाँ अवैध घुसपैठ, मानव तस्करी, नशा कारोबार और देश विरोधी गतिविधियों की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता। इसके लिए युवाओं की सजगता, चेतना और सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि समाज की चुप्पी और विभाजन के कारण ही समय-समय पर विदेशी आक्रांता भारत आए और भारतीय संस्कृति व मानवता को कुचलने का प्रयास किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही निदेशक मीनू भट्ट ने पिथौरागढ़ क्षेत्र में किशोर-किशोरियों के गुम होने तथा युवाओं के नशे की गिरफ्त में आने पर गंभीर चिंता व्यक्त की।
उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थानों के माध्यम से राष्ट्रवादी अभियानों और सकारात्मक गतिविधियों द्वारा युवाओं को जागरूक कर उनका भविष्य उज्ज्वल बनाया जा सकता है। कार्यक्रम में एस.एस. बोहरा, ललित महर, सुमन बिष्ट, लवराज सिंह, प्रधानाचार्या सुनीता रावत सहित अन्य लोग मौजूद थे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







