पिथौरागढ़ : जलभराव से राहत की दिशा में बड़ा कदम
शहर को मिलेगा आधुनिक ड्रेनेज नेटवर्क

पिथौरागढ़ नगर क्षेत्र में वर्षों से चली आ रही जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए जिलाधिकारीँ आशीष भटगांई ने शहर के लिए प्रस्तावित समग्र ड्रेनेज प्रणाली की विस्तृत योजना की समीक्षा की।

बैठक के दौरान उन्होंने संबंधित विभागों से योजना के तकनीकी, वित्तीय एवं क्रियान्वयन से जुड़े पहलुओं की गहन जानकारी ली। वर्षा जल निकासी को सुदृढ़, सुरक्षित एवं वैज्ञानिक रूप से व्यवस्थित करने के उद्देश्य से तैयार की गई यह व्यापक योजना शहर की भौगोलिक संरचना, जनसंख्या घनत्व तथा जल प्रवाह की मात्रा को ध्यान में रखते हुए तैयार की गई है।
बताया गया कि योजना के अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों की आवश्यकताओं के अनुरूप अलग–अलग प्रकार के नालों का निर्माण प्रस्तावित किया गया है। घनी आबादी वाले क्षेत्रों में आरसीसी बॉक्स ड्रेन, अधिक जल प्रवाह वाले क्षेत्रों में आरसीसी ट्रेपेज़ॉयडल ड्रेन तथा खुले एवं कम अथवा शून्य आबादी वाले क्षेत्रों में रब्बल स्टोन मेसनरी (1:5 सीमेंट–रेत) से बने ट्रेपेज़ॉयडल ड्रेन का निर्माण किया जाएगा।
परियोजना का संक्षिप्त विवरण— कुल प्रस्तावित लागत: ₹ 8210.15 लाख , कुल ड्रेनेज नेटवर्क की लंबाई: 17.95 किलोमीटर , कुल ड्रेन की संख्या: 28, क्षेत्रवार प्रस्ताव— बजेटी ज़ोन: 14 ड्रेन, कुल लंबाई 12.25 किमी, अनुमानित लागत ₹ 6000.00 लाख, रई ज़ोन: 14 ड्रेन, कुल लंबाई 5.70 किमी, अनुमानित लागत ₹ 2024.00 लाख
इसके अतिरिक्त, जल संस्थान पिथौरागढ़ से संबंधित यूटिलिटी शिफ्टिंग के लिए ₹ 58.15 लाख तथा यूपीसीएल पिथौरागढ़ की यूटिलिटी शिफ्टिंग हेतु ₹ 128.00 लाख का प्रावधान किया गया है। इस दौरान जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने कहा कि यह प्रस्तावित ड्रेनेज प्रणाली न केवल पिथौरागढ़ शहर में जलभराव की समस्या को प्रभावी रूप से कम करेगी,
बल्कि वर्षा जल के सुरक्षित निस्तारण, शहरी सौंदर्यीकरण तथा नागरिकों को बेहतर, टिकाऊ और आधुनिक आधारभूत सुविधाएँ उपलब्ध कराने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने योजना के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सदर मनजीत सिंह, अधिशासी अभियंता जल संस्थान सुरेश जोशी, अधिशासी अभियंता विद्युत नितिन गरखाल, अधिशासी अधिकारी नगर निगम राजदेव जायसी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







