पिथौरागढ़ : उत्कृष्ट पंजीकरण कार्य करने वाले हुए सम्मानित
हर्षोल्लास के साथ मनाई गई यूसीसी लागू होने की प्रथम वर्षगांठ

पिथौरागढ़ के रामलीला मैदान सोरगढ़ में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के लागू होने की प्रथम वर्षगांठ के अवसर पर भव्य एवं जन जागरूकता उन्मुख कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य यूसीसी के एक वर्ष की उपलब्धियों को रेखांकित करना तथा इसके सामाजिक, संवैधानिक एवं विधिक महत्व से आमजन को अवगत कराना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी आशीष भटगांई द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। अपने संबोधन में जिलाधिकारी ने कहा कि समान नागरिक संहिता सामाजिक सुधार की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है, जिसने समाज में लैंगिक समानता, न्याय एवं समान अधिकारों को मजबूती प्रदान की है। उन्होंने कहा कि यूसीसी का प्रभावी क्रियान्वयन प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों की सहभागिता से संभव हो पाया है।
कार्यक्रम के दौरान एलईडी स्क्रीन के माध्यम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के लाइव संबोधन का प्रसारण किया गया। मुख्यमंत्री ने यूसीसी को प्रदेश के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए इसके सफल क्रियान्वयन में जनसहयोग की सराहना की। इस मौके पर दर्जा राज्यमंत्री गणेश भंडारी, अध्यक्ष जिला पंचायत जितेन्द्र प्रसाद, जिलाध्यक्ष भाजपा गिरीश जोशी, मेयर कल्पना देवलाल, पूर्व विधायक चंद्रा पंत, जिला महामंत्री इन्द्र लूंठी, दीपिका बोहरा, पूर्व अध्यक्ष नगर पालिका राजेन्द्र रावत, जगत सिंह खाती, ब्लॉक प्रमुख महिमन कन्याल, मनोज सामंत, कच्चाहारी बाबा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने यूसीसी को सामाजिक समरसता एवं समान न्याय की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
कार्यक्रम में विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति एवं सामाजिक समरसता पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। साथ ही सांस्कृतिक दलों द्वारा यूसीसी विषय पर आधारित नुक्कड़ नाटकों का मंचन किया गया। विभाग द्वारा तैयार की गई यूसीसी पर आधारित डॉक्यूमेंट्री एवं शॉर्ट फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा सूचना स्टॉल लगाए गए तथा यूसीसी प्रचार वाहन को जिलाधिकारी द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
इस अवसर पर यूसीसी के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले जनप्रतिनिधियों, तहसीलों, विकासखंडों, नगर निकायों एवं कार्मिकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी, उपजिलाधिकारी सदर जितेंद्र वर्मा, जिला पंचायत राज अधिकारी हरीश आर्य सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी एवं नागरिक उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन कविता भगत एवं करण थापा द्वारा किया गया।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







