पिथौरागढ़ : टनकपुर-जौलजीबी वाया पंचेश्वर मार्ग के निर्माण में तेजी लाने के निर्देश
जिलाधिकारी ने मोटर मार्ग के प्रगति की समीक्षा

जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता जीवन सिंह ह्यांकी के साथ टनकपुर से जौलजीबी वाया पंचेश्वर मोटर मार्ग की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में मार्ग निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। अधीक्षण अभियंता ने बताया कि टनकपुर से रूपाली गाड़ तक लगभग 55 किमी सड़क का निर्माण पूरा हो चुका है।

रूपाली गाड़ से पंचेश्वर तक करीब 35 किमी मार्ग की डीपीआर तैयार कर ली गई है, जिसे इसी माह स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा। पंचेश्वर से बल्तड़ी तक लगभग 30 किमी मार्ग के लिए सर्वे कार्य चल रहा है और इसकी डीपीआर जून तक तैयार होने की संभावना है। वहीं बल्तड़ी से जौलजीबी तक लगभग 36 किमी मार्ग के लिए भी जल्द सर्वे शुरू किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि करीब 155 किमी लंबा यह मार्ग सामरिक और स्थानीय आवागमन की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है, इसलिए निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए। इस दौरान उन्होंने कहा कि यदि कार्य के दौरान किसी भी प्रकार की विभागीय समन्वय संबंधी समस्या आती है तो तत्काल जिलाधिकारी कार्यालय से संपर्क करें और जल्द से जल्द समाधान सुनिश्चित किया जाएगा ।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







