15 दिवसीय अभियान में बड़ी सफलता, 64 अवैध शस्त्र तस्कर गिरफ्तार
भारी मात्रा में हथियार बरामद, पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चला अभियान

जनपद में अवैध शस्त्रों के खिलाफ चलाए गए 15 दिवसीय विशेष अभियान में ऊधमसिंहनगर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के नेतृत्व में बड़ी सफलता मिली है। अभियान के तहत कुल 59 अभियोग पंजीकृत करते हुए 64 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बीते 12 से 26 मार्च तक चलाए गए 15 दिवसीय अभियान के तहत जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में सघन चेकिंग और प्रभावी कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान 77 से अधिक अवैध शस्त्र बरामद किए गए, जिनमें 71 तमंचे, 03 पिस्टल, 02 पंप एक्शन गन और 01 बंदूक (315 बोर) शामिल है।
इसके अलावा 116 जिंदा कारतूस और 04 खोखा कारतूस भी बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार इस कार्रवाई से जनपद में फायरिंग की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगा है और अपराधियों में भय का माहौल बना है। विभिन्न थाना क्षेत्रों में लगातार कार्रवाई करते हुए तस्करों के नेटवर्क को भी ध्वस्त करने का प्रयास किया गया।
अभियान के दौरान जसपुर, काशीपुर, बाजपुर, रुद्रपुर, किच्छा, सितारगंज, खटीमा सहित अन्य थाना क्षेत्रों में कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामद किए गए। एसएसपी अजय गणपति ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि अवैध शस्त्रों के निर्माण, तस्करी या भंडारण से संबंधित कोई भी सूचना तत्काल पुलिस को दें।
उन्होंने कहा कि अवैध शस्त्र रखना या उसका प्रदर्शन करना दंडनीय अपराध है और ऐसे मामलों में सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखना और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही है।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







