पिथौरागढ़ : जनगणना-2027 की तैयारी तेज
फील्ड ट्रेनर्स का तीन दिवसीय प्रशिक्षण जारी

जनगणना-2027 की तैयारियों के तहत जनपद में फील्ड ट्रेनर्स के लिए आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम दूसरे दिन भी जारी रहा। विकास भवन सभागार में आयोजित यह प्रशिक्षण 27 से 29 मार्च तक चलेगा। कार्यक्रम का शुभारंभ बीते दिवस जिला जनगणना अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह द्वारा किया गया था।

प्रशिक्षण के दूसरे दिन प्रतिभागियों को जनगणना से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत एवं तकनीकी जानकारी दी गई। अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह ने जनगणना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसके आधार पर विभिन्न विकास योजनाओं का निर्माण और क्रियान्वयन किया जाता है।
उन्होंने सभी प्रतिभागियों को प्रशिक्षण को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समयसीमा में अपने दायित्वों का प्रभावी निर्वहन करने के निर्देश दिए। प्रशिक्षण सत्रों में मुख्य ट्रेनर एवं डीपीआरओ के साथ निदेशालय स्तर से नामित मास्टर ट्रेनर धर्मेंद्र कुमार वर्मा द्वारा दिशा-निर्देश पुस्तिका और वीडियो प्रस्तुतीकरण के माध्यम से व्यवहारिक व तकनीकी प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
बताया गया कि प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद सभी फील्ड ट्रेनर्स अपने-अपने क्षेत्रों में सुपरवाइजर और गणनाकारों को प्रशिक्षित करेंगे, जिससे जनगणनादृ2027 का कार्य सुचारू, व्यवस्थित और त्रुटिरहित तरीके से संपन्न कराया जा सके। प्रशिक्षण कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी, एडीएम योगेंद्र सिंह, मास्टर ट्रेनर अनुपम आर्या व नीरज जोशी, एनआईसी के निदेशक गौरव कुमार, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी महिमन जोशी, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर दिनेश वर्मा सहित अन्य अधिकारी और प्रशिक्षार्थी मौजूद थे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







