पिथौरागढ़ : कार्यशाला व संगीत संध्या से श्रोताओं को किया मंत्रमुग्ध
प्रख्यात संगीतज्ञ प्रभात लाल शाह का पिथौरागढ़ आगमन

प्रख्यात संगीतज्ञ एवं रंगकर्मी प्रभात लाल शाह गंगोला का पिथौरागढ़ आगमन पर मानस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स द्वारा भव्य स्वागत किया गया। इस मौके पर मानस एकेडमी में आयोजित कार्यशाला ‘इमर्जिंग म्यूजिशियन्स विद प्रभात शाह’ में उन्होंने विद्यार्थियों एवं संगीत प्रेमियों को नाद योग, वॉइस कल्चर और गायन शैली के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत जानकारी दी।

दो सत्रों में आयोजित इस कार्यशाला में शहर के अनेक विद्यार्थियों और संगीत जिज्ञासुओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इसके बाद आयोजित सायंकालीन सत्र ‘संगीत विभव’ में संगीत प्रेमियों और प्रभात शाह के बीच संगीत की गहराइयों पर सार्थक चर्चा हुई। हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत, सांस्कृतिक संरक्षण और कुमाऊंनी बैठकी होली को नए आयाम देने में उनके योगदान के लिए मानस ग्रुप द्वारा उन्हें ‘संगीत पुरोधा सम्मान’ से सम्मानित किया गया।
मानस ग्रुप के चेयरमैन डॉ. अशोक कुमार पंत ने उनके योगदान की सराहना की, जबकि प्रबंधक कंचन लता पंत ने अभिनंदन पत्र प्रस्तुत किया। सायंकालीन सत्र को विश्व प्रसिद्ध गायिका आशा भोसले की स्मृति को समर्पित किया गया। इस दौरान प्रभात शाह ने अपनी अनूठी गायकी से श्रोताओं का मन मोह लिया और अपने संगीत जीवन के अनुभव साझा किए।
कार्यक्रम में चम्पावत से आए बाल कलाकार मानस पंत के मुरली वादन तथा अल्मोड़ा से आए युवा तबला वादक राज कुमार के तबला वादन ने भी विशेष आकर्षण पैदा किया। कार्यक्रम के अंत में निदेशक देवाशीष पंत ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर भाष्कर कर्नाटक, मीनू भट्ट, सुनीता रावत, गिरीश पन्त, रेनू पन्त, योगेश भट्ट, मोहनलाल वर्मा, केदार भट्र, डा. भाष्कर कापड़ी, सुमन विष्ट, नीता कापड़ी, डा. उषा बृजवासी, भुवन पाण्डे, श्रीकृष्ण अवस्थी, रमेश चन्द्र शर्मा, द्वारिका पाण्डे, नारायण दत्त जोशी, संदीप पाण्डे, दिनेश पाण्डे सहित कई संगीत प्रेमी उपस्थित थे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







