पिथौरागढ़: तपोवन विद्या स्थली में साइंस कार्निवल का चौथा दिन, विज्ञान मॉडलों ने बिखेरी प्रतिभा की चमक
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यार्थियों द्वारा विज्ञान पर आधारित प्रेरणादायक समूह गीतों से

तपोवन विद्या स्थली में आयोजित पंचदिवसीय साइंस कार्निवल के चौथे दिन विद्यार्थियों ने विज्ञान आधारित मॉडलों और प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और नवाचार का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ललिता जोशी ने दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। मंच संचालन निधि पाठक ने किया।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यार्थियों द्वारा विज्ञान पर आधारित प्रेरणादायक समूह गीतों से हुई। इसके बाद विज्ञान अध्यापिकाओं ईशा और माहिनूर के निर्देशन में विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी आयोजित की गई, जिसमें विद्यालय के चारों हाउस के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने सौरमंडल, ज्वालामुखी, मानव फेफड़े, मानव मस्तिष्क, प्रकाश संश्लेषण, दर्पण में परावर्तन, जल चक्र, जल शोधन प्रणाली, इलेक्ट्रिक जनरेटर, सोलर कुकर, फूड पिरामिड, रोबोट, डे-नाइट मॉडल सहित कई वैज्ञानिक मॉडल प्रस्तुत किए।
इन मॉडलों ने विद्यार्थियों की वैज्ञानिक समझ, रचनात्मकता और नवाचार की उत्कृष्ट झलक पेश की। विद्यालय के संस्थापक एवं अधिवक्ता मनोज कुमार जोशी ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर विद्यार्थियों से मॉडलों की कार्यप्रणाली और वैज्ञानिक सिद्धांतों पर चर्चा की। विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास के साथ अपने मॉडल प्रस्तुत करते हुए सभी प्रश्नों के संतोषजनक उत्तर दिए।
समापन अवसर पर मनोज कुमार जोशी ने विद्यार्थियों और अभिभावकों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों की वैज्ञानिक सोच विकसित करने के लिए अभिभावकों को भी मॉडल निर्माण और प्रयोगात्मक गतिविधियों में उनका सहयोग करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को विज्ञान के क्षेत्र में निरंतर प्रयोग, नवाचार और अनुसंधान की भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्रशासनिक अधिकारी निकिता भसीन ने मुख्य अतिथि, अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे शैक्षणिक एवं वैज्ञानिक आयोजनों को और अधिक प्रभावी ढंग से आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







