पिथौरागढ़: मयंक की आवाज़ गूंजी फिल्म ‘पेद्दी’ में, एआर रहमान के संगीत में फिर दिखा हुनर
फिल्म पेद्दी में अभिनेता राम चरण मुख्य भूमिका में

सीमांत जनपद पिथौरागढ़ के युवा गायक एवं संगीतकार मयंक कापड़ी ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। विश्वप्रसिद्ध संगीतकार एआर रहमान के संगीत निर्देशन में बनी बहुप्रतीक्षित फिल्म पेद्दी के गीत सूरीज़ लैमेंट के कन्नड़ संस्करण में मयंक ने अपनी आवाज़ दी है। फिल्म पेद्दी में अभिनेता राम चरण मुख्य भूमिका में हैं।
उनके साथ शिवराजकुमार, जान्हवी कपूर, जगपति बाबू, दिव्येंदु शर्मा और बोमन ईरानी जैसे कलाकार भी नजर आ रहे हैं। फिल्म का निर्देशन बूची बाबू सना ने किया है। तेलुगु में बनी यह फिल्म हिंदी, तमिल, कन्नड़ और मलयालम सहित कई भाषाओं में रिलीज़ हुई है। मयंक कापड़ी इससे पहले भी एआर रहमान के साथ कई फिल्मों में काम कर चुके हैं।
उन्होंने कल्कि 2898 एडी में पांच भाषाओं में गीत गाए और संगीतकार संतोष नारायणन के साथ फिल्म के बैकग्राउंड स्कोर में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके अलावा वे हॉलीवुड फ्रेंचाइज़ी से जुड़े संगीत प्रोजेक्ट में भी अपनी प्रतिभा का योगदान दे चुके हैं। वर्तमान में चेन्नई में रह रहे मयंक कापड़ी फिल्म इंडस्ट्री में कंपोज़र, म्यूज़िक प्रोड्यूसर, सिंगर और परफ़ॉर्मर के रूप में सक्रिय हैं।
वे दक्षिण भारतीय फिल्मों में प्लेबैक सिंगिंग के साथ.साथ कई शॉर्ट फिल्मों और विज्ञापनों के लिए भी संगीत तैयार कर रहे हैं तथा कई नए प्रोजेक्ट्स पर कार्यरत हैं। संगीत के साथ-साथ मयंक ऑडियो स्कल्प्टर्स एकेडमी के माध्यम से संगीत शिक्षा के क्षेत्र में भी योगदान दे रहे हैं। यहां वे नए कलाकारों को म्यूज़िक मेकिंग, कंपोज़िशन और प्रोडक्शन का प्रशिक्षण देते हैं।
उन्होंने भविष्य में अपनी जन्मभूमि पिथौरागढ़ के लिए भी संगीत के माध्यम से योगदान देने की इच्छा जताई है। मयंक की इस उपलब्धि पर उनके पिता व्यवसायी जगदीश चंद्र कापड़ी, हाल ही में प्रधानाध्यापिका पद से सेवानिवृत्त हुईं माता इंद्रा कापड़ी तथा जिला चिकित्सालय में मेडिकल ऑफिसर के रूप में कार्यरत उनकी बहन डॉ. वर्षा कापड़ी सहित पूरे जिले में खुशी का माहौल है।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







