PithoragarhUttarakhand News

पिथौरागढ़ : प्रभारी मंत्री ने किया ध्वजारोहण, देशभक्ति और विकास का दिया संदेश

हर्षोल्लास व विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति के साथ मनाया स्वतंत्रता दिवस

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन स्थित मिनी स्टेडियम में आयोजित मुख्य समारोह में जनपद प्रभारी मंत्री  रेखा आर्या ने ध्वजारोहण किया। राष्ट्रगान के साथ तिरंगे को सलामी दी गई। इस दौरान मंत्री ने उपस्थित लोगों को नशामुक्त उत्तराखंड की शपथ भी दिलाई।

समारोह को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और अमर शहीदों को नमन करते हुए प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सीमांत जनपद का सर्वांगीण विकास सरकार की प्राथमिकता है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, कनेक्टिविटी और स्वरोजगार के अवसरों को दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचाने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने तथा खेल और शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान किया। जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को हमेशा याद रखते हुए देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।

समारोह में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं आश्रितों को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। साथ ही उत्कृष्ट खिलाड़ियों, समाजसेवियों और विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने वाले लोगों को भी सम्मानित किया गया।‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत प्रभारी मंत्री सहित जनप्रतिनिधियों ने पुलिस लाइन परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद, मेयर कल्पना देवलाल, पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी, अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह, वन विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्कूली छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे।

80वां स्वतंत्रता दिवस जनपद में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने ध्वजारोहण कर कार्मिकों और जनपदवासियों को शुभकामनाएं दीं। जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता सेनानियों और वीर जवानों के बलिदान को नमन करते हुए कहा कि देश की प्रगति के लिए सभी को अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता की सेवा करना हमारा परम कर्तव्य है और निष्ठा, पारदर्शिता व संवेदनशीलता से कार्य करना ही सच्ची राष्ट्रभक्ति है।  इस अवसर पर जिले के सभी सरकारी कार्यालयों में भी ध्वजारोहण किया गया।

80वें स्वतंत्रता दिवस पर पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे ने पुलिस लाइन स्थित क्वार्टर गार्ड में ध्वजारोहण किया और पुलिस कर्मियों को देशसेवा व कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संदेश दिया।  पुलिस उपाधीक्षक गोविंद बल्लभ जोशी ने पुलिस कार्यालय में ध्वजारोहण किया। जिले के सभी थानों में भी थाना प्रभारियों ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया।

राजकीय इंटर कॉलेज बास्ते में 80वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि न्यायिक अधिकारी  मंजू देवी रहीं। छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम, भाषण और नाटक प्रस्तुत कर अतिथियों का मन मोह लिया।कार्यक्रम में ग्राम प्रधान रविंद्र चड्ढा, एसएमसी अध्यक्ष नवीन नेगी, ओली चाइल्ड वेलफेयर सोसाइटी के गिरीश चंद्र, डॉ. पीतांबर अवस्थी सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक और अभिभावक मौजूद रहे।

न्यायिक अधिकारी मंजू देवी ने पूर्व में बच्चों को दी गई कानूनी जानकारी से जुड़े सवाल पूछे। बच्चों के संतोषजनक जवाब देने पर उन्हें स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कला के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। प्रधानाचार्य किशोर चंद्र पाटनी ने विद्यालय का वार्षिक प्रगति विवरण प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों का आभार जताया।

कार्यक्रम का संचालन मनोज कुमार नेगी और मोहन चंद जोशी ने किया। इस अवसर पर डॉक्टर गीता मलिक, दीपा देउपा, नीता वर्मा, ज्योति नौटियाल, गीता, भूपाल सिंह चुफाल, जय प्रकाश सिंह, गिरिजा शंकर पंत, अजय ओली सहित कई लोग मौजूद थे। संचालन मनोज कुमार नेगी तथा मोहन चंद जोशी द्वारा किया गया।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पूर्व सैनिक संगठन, पिथौरागढ़ ने उपाध्यक्ष रमेश सिंह महर के नेतृत्व में नगर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों ने हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता के जयकारों और देशभक्ति के नारों के साथ यात्रा में भाग लिया।

तिरंगा यात्रा के बाद पूर्व सैनिक जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय पहुंचे, जहां ध्वजारोहण और राष्ट्रगान के साथ राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी गई। इस दौरान देश सेवा, सैनिक कल्याण और सीमांत क्षेत्र के हितों के लिए कार्य करने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल करम सिंह सहित विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे।

विकासखंड कनालीछीना के जूनियर हाईस्कूल में स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। प्रधानाध्यापक लीला धामी ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद विद्यार्थियों ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत हुड़कबौल शैली में ग्रामीणों को पौधारोपण के लिए प्रेरित किया। डॉ. सीबी जोशी के दिशा-निर्देशन में विद्यालय परिसर में वृहद पौधारोपण किया गया।

क्षेत्र पंचायत सदस्य हेमा भट्ट, ग्राम प्रधान नीतू पंत, विद्यालय प्रबंधन समिति अध्यक्ष उषा देवी सहित ग्रामीणों ने लोकगीतों के साथ पौधारोपण किया। संकुल प्रभारी देवेंद्र कोहली ने भी कार्यक्रम की सराहना की। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। अंत में नशा मुक्ति अभियान के तहत सभी को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई।

हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!

सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page
आप इस पृष्ठ की सामग्री की प्रतिलिपि नहीं बना सकते