PithoragarhUttarakhand News

पिथौरागढ़ : वाइब्रेंट विलेज कवितड़ में एनसीसी ने चलाया जनजागरूकता अभियान

कैडेट्स ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशामुक्त भारत का दिया संदेश

एनसीसी महानिदेशालय के निर्देश तथा 80वीं वाहिनी एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल देवेश सिंह ऐरी के मार्गदर्शन में प्रशासनिक अधिकारी मेजर संध्या सिंह के नेतृत्व में एनसीसी दल ने मूनाकोट विकासखंड के वाइब्रेंट विलेज कवितड़ में जनजागरूकता अभियान चलाया। गांव पहुंचने पर ग्राम प्रधान दीपक राज मेहरा ने एनसीसी दल का फूल-मालाओं से स्वागत किया।

 

इस दौरान एनसीसी कैडेट्स ने ग्रामीणों को एनसीसी के उद्देश्यों, इससे मिलने वाले लाभों तथा सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। अभियान के दौरान कैडेट्स ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशामुक्त भारत का संदेश दिया। नाटक को ग्रामीणों ने खूब सराहा। इसके अलावा एक पेड़ मां के नाम और स्वच्छ भारत अभियान के तहत पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक किया गया तथा पोस्टर और पुस्तिकाओं के माध्यम से सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।

 

हर घर तिरंगा अभियान के तहत ध्वजारोहण और राष्ट्रगान का आयोजन भी किया गया। इसके साथ ही एनसीसी कैडेट्स ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर ग्रामीणों को राष्ट्रप्रेम एवं सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया। सूबेदार हरेंद्र सिंह ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए सीमावर्ती गांवों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए सरकार की विभिन्न योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी।

 

उन्होंने ग्रामीणों से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने और सामाजिक जागरूकता अभियानों में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की। ग्राम प्रधान दीपक राज मेहरा ने एनसीसी दल द्वारा आयोजित कार्यक्रमों की सराहना की। इस अवसर पर बटालियन की ओर से ग्राम प्रधान को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सूबेदार मेजर गंगा सिंह, सूबेदार हरेंद्र सिंह, बीएचएम नवीन सिंह सहित एनसीसी के करीब 20 कैडेट्स और 60 ग्रामीण मौजूद थे।

हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!

सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page
आप इस पृष्ठ की सामग्री की प्रतिलिपि नहीं बना सकते