पिथौरागढ़ : पुलिस ने अवैध भांग नष्ट कर ग्रामीणों को किया जागरूक
इधर थल और वड्डा क्षेत्र में चला पुलिस का अभियान

ड्रग फ्री देवभूमि मिशन के तहत जनपद में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में थाना थल पुलिस ने ग्राम नायल सपोली क्षेत्र में अवैध रूप से उगाई गई भांग की खेती के खिलाफ कार्रवाई की। थानाध्यक्ष थल गणेश दत्त भट्ट के नेतृत्व में पुलिस टीम ने क्षेत्र में कई स्थानों पर खेतों में उगाई गई अवैध भांग की खेती को चिन्हित कर नष्ट किया।
पुलिस ने ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों तथा मादक पदार्थों के सेवन और तस्करी से होने वाले सामाजिक, आर्थिक एवं स्वास्थ्य संबंधी नुकसान के बारे में भी जागरूक किया। पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की कि वे अवैध रूप से भांग अथवा अन्य मादक पदार्थों की खेती एवं कारोबार से दूर रहें और नशामुक्त समाज बनाने में पुलिस का सहयोग करें। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में अपर उपनिरीक्षक दिनेश शर्मा, हेड कांस्टेबल शंकर देवड़ी, हेड कांस्टेबल संजय कुमार, कांस्टेबल नवीन राना, कांस्टेबल ललित कोहली तथा चालक कांस्टेबल जगदीश मारकूना शामिल थे।
इधर ड्रग फ्री देवभूमि मिशन को सफल बनाने को लेकर पुलिस द्वारा नशे के विरुद्ध चलाया जा रहा अभियान जारी है, जिसके तहत थानाध्यक्ष जाजरदेवल प्रकाश पाण्डेय के नेतृत्व में चौकी प्रभारी वड्डा आशीष रावत व टीम द्वारा ग्राम सुवाकोट, वड्डा क्षेत्र में उगाई गई अवैध भांग की खेती को चिन्हित कर नष्ट किया गया।
कार्यवाही के दौरान पुलिस टीम ने स्थानीय ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों, मादक पदार्थों के सेवन एवं तस्करी से होने वाले सामाजिक, आर्थिक एवं स्वास्थ्य संबंधी दुष्परिणामों की जानकारी दी। साथ ही पुलिस टीम द्वारा राजकीय इण्टर कालेज पन्द्रहपाला में नशा मुक्ति, साइबर अपराधों, बाल अपराधों आदि के सम्बन्ध में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







