पिथौरागढ़ : निदेशक सैनिक कल्याण ने पूर्व सैनिकों से किया संवाद
कल्याणकारी योजनाओं की दी जानकारी, पूर्व सैनिकों को अधिकाधिक लाभ उठाने के लिए किया प्रेरित

निदेशक सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास, उत्तराखंड ब्रिगेडियर दिग्विजय सिंह बसेड़ा, सेना मेडल, वीएसएम (सेवानिवृत्त) ने जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास परिसर में पूर्व सैनिकों से भेंटवार्ता की। संवाद कार्यक्रम में जनपद के 98 पूर्व सैनिक शामिल हुए। ब्रिगेडियर बसेड़ा ने केंद्र और राज्य सरकार की ओर से पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों के कल्याण के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।
उन्होंने पूर्व सैनिकों से योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण से जुड़ी योजनाओं को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने पूर्व सैनिकों को सेना के उच्च आचरण और अनुशासन के मूल्यों को जीवन में बनाए रखने के साथ प्रसन्न, आत्मविश्वासी और निर्भीक रहने के लिए प्रेरित किया।
जिला सैनिक कल्याण अधिकारी करम सिंह बिष्ट ने बताया कि ब्रिगेडियर दिग्विजय सिंह बसेड़ा पूर्व में केंद्रीय सैनिक बोर्ड, नई दिल्ली में सचिव के पद पर कार्यरत रहे हैं और देशभर के भूतपूर्व सैनिकों के कल्याण एवं उत्थान में योगदान दे चुके हैं। वह 8 सितंबर 2026 से निदेशक सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास, उत्तराखंड के पद पर कार्यरत हैं। निदेशक के साथ संवाद से पूर्व सैनिकों में उत्साह का माहौल रहा। पूर्व सैनिकों ने भी सैनिक कल्याण से जुड़े कार्यों में सहयोग करने और सैनिक परिवारों के हित में मिलकर काम करने का भरोसा दिलाया।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







