स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत के सपने को साकार करना सभी की जिम्मेदारी : सीएम धामी
अपने घर, मोहल्ले और शहर को साफ व स्वच्छ रखने की अपील

स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत के सपने को साकार करना हम सभी की जिम्मेदारी है। स्वच्छता केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि हमारे संस्कार और जीवनशैली का हिस्सा है। यह बात प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वच्छ उत्सव-2025 कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर कही।

इस दौरान उन्होंने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे अपने घर, मोहल्ले, गाँव और शहर को साफ-सुथरा रखने को अपनी जिम्मेदारी समझें। इससे पूर्व उन्होंने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। साथ ही सीएम ने प्रदेशवासियों को विश्वकर्मा जयंती की शुभकामनाएँ दी।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने स्वच्छता अभियान के तहत झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश देते हुए सभी प्रदेशवासियों से स्वच्छता की मुहिम से जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि आज से आगामी 02 अक्टूबर तक प्रदेश भर में सेवा स्वच्छता से संबंधित नियमित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की मूर्ति पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता की शपथ दिलाते हुए पौधरोपण भी किया गया। मुख्यमंत्री ने स्वच्छता रथ का फ्लैग ऑफ किया और पर्यावरण मित्रों को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वच्छता आंदोलन ने देश को नए आयाम प्रदान किए हैं। स्वच्छ उत्सव-2025 भी इसी दिशा में एक संकल्प, एक आंदोलन और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वस्थ व स्वच्छ भविष्य का वचन है।
उन्होंने कहा कि हाल ही में राष्ट्रीय वायु कार्यक्रम के तहत घोषित स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में नगर निगम देहरादून को देश में 19 वाँ स्थान प्राप्त हुआ है। स्वच्छता रैंकिंग में भी नगर निगम देहरादून ने इस वर्ष 62 वाँ स्थान प्राप्त किया है, जो पिछले वर्षों की तुलना में बेहतर है। अब तक राज्य में छह लाख से अधिक शौचालय रहित परिवारों के लिए शौचालयों का निर्माण किया गया है।
नगर निगम देहरादून ने सफाई से सम्बन्धित समस्याओं के त्वरित निवारण के लिए स्वच्छता कंट्रोल रूम की स्थापना की है। कूड़ा उठान, सीसीटीवी निगरानी और नियमित सफाई व्यवस्था से शहर को बेहतर दिशा दी जा रही है। मुख्यमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण पर बल देते हुए ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान का उल्लेख किया और कहा कि पौधरोपण जीवन की गुणवत्ता सुधारने और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करने का माध्यम है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, गणेश जोशी, सुबोध उनियाल, सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, मेयर देहरादून सौरभ थपलियाल, विधायक सविता कपूर, सुरेश गड़िया, सचिव नीतेश झा, नगर आयुक्त नमामि बंसल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







