पिथौरागढ़ : पशु कल्याण व पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा कदम
नंदी गौशाला परियोजना का दूसरा चरण पूरा

पिथौरागढ़ जनपद की सामाजिक संस्था क्लीन एंड ग्रीन सोसाइटी ने अपनी नंदी गौशाला परियोजना के द्वितीय चरण का निर्माण कार्य विभागीय मानकों के अनुरूप सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया है। संस्था के मुख्य संरक्षक राजेंद्र सिंह के मार्गदर्शन में यह कार्य तकनीकी एवं दस्तावेजी प्रक्रियाओं के साथ पूरा किया गया, जिससे आगामी योजनाओं के लिए मजबूत आधार तैयार हो गया है।

संस्था के सचिव नीरज भट्ट ने बताया कि अब प्राथमिकता विभागीय पशु चिकित्सक द्वारा निरीक्षण को दी जा रही है। डॉक्टर की तकनीकी स्वीकृति एवं मानकों की पुष्टि के बाद ही आगे की औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी। संस्था का उद्देश्य शासन के साथ समन्वय स्थापित कर गौवंश के लिए आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं और बेहतर पोषण उपलब्ध कराना है।
संस्था के अध्यक्ष योगेंद्र चंद एवं उपाध्यक्ष दिनेश चंद्र पांडे ने बताया कि गौवंश संरक्षण के साथ-साथ पर्यावरण स्वच्छता पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके तहत इको-ब्रिक्स (प्लास्टिक बोतलों के पुनर्चक्रण) के माध्यम से कचरा प्रबंधन का अभिनव मॉडल विकसित किया जा रहा है।
कोषाध्यक्ष चेतन सिंह ग्याला ने इस कार्य में सहयोग देने वाले सभी दानदाताओं एवं समर्थकों का आभार व्यक्त किया। संस्था ने पतंजलि योग समिति सहित स्थानीय सहयोगियों के योगदान को सराहते हुए इसे पशु कल्याण और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सामूहिक प्रयास बताया।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







