पिथौरागढ़ : कठपुतली शो के साथ हंसी-हंसी में दिया गंभीर संदेश
छात्र, युवाओं, इको टास्क फोर्स के जवानों व नागरिकों ने निकाली जागरूकता रैली

वनाग्नि की रोकथाम को लेकर पिथौरागढ़ के देवलथल में विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया, जिसके तहत इको टास्क फोर्स और स्कूली बच्चों ने जंगलों को बचाने के नारे के साथ कस्बे में रैली निकाली, पर्चे बांटे और सामूहिक चर्चा की।
बाराबीसी सामुदायिक पुस्तकालय देवलथल में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि ‘जंगल हैं तो हम हैं’। पूरे समुदाय को इस नारे के साथ आगे बढ़ना होगा और जंगलों में लगने वाली आग को रोकना होगा। सामूहिक राय थी कि जंगल बचेंगे तो हम बचेंगे और जैव विविधता बचेगी, जिससे जलवायु परिवर्तन के दुष्परिणामों को हम सामूहिक रूप से रोक सकेंगे।
पिथौरागढ़ वन प्रभाग के सहयोग एवं अभिलाषा समिति के तत्वावधान में आयोजित इस जागरूकता अभियान में इको टॉस्क फोर्स, वन विभाग के कर्मचारी, बाराबीसी पुस्तकालय समिति के सदस्य, स्थानीय निवासी, टीचर व छात्र-छात्राओं ने भागीदारी की। पहले देवलथल कस्बे में एक संयुक्त जागरूकता रैली निकाली, जिसमें जंगलों में लगने वाली आग को रोकने, जंगल बचाने, जैव विविधता बचाने और प्राकृतिक जल स्रोतों को सुरक्षित रखने का संदेश दिया गया।
जागरूकता रैली के उपरांत बाराबीसी सामुदायिक पुस्तकालय के प्रांगण में आयोजित संगोष्ठी में कठपुतली शो, संभाषण, सामूहिक परिचर्चा आकर्षण का मुख्य विषय रहा। जैव विविधता संरक्षण पर केन्द्रित कठपुतली शो का प्रदर्शन युवा कलाकार विप्लव भट्ट ने किया, जिसमें उन्होंने वन्य जीवों की भूमिका दर्शाकर वनाग्नि के परिस्थिति पर वन्य जीवों की पीड़ा प्रदर्शित की। यह शो इतना आकर्षक था कि स्कूली बच्चों के साथ ही समस्त प्रतिभागी पपेट शो में खो गए और प्रस्तुति इतनी गंभीर रही कि जंगल बचाने का संदेश सरेआम हो गया। उपस्थित लोगों ने पहली बार इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम के आयोजन की बात कही।
जनजागरूकता को लेकर आयोजित इस कार्यक्रम की परिकल्पना प्रभागीय वनाधिकारी पिथौरागढ़ आशुतोष सिंह एवं प्रकाश पाण्डेय ने की। इसके साथ ही अभिलाषा समिति के अध्यक्ष किशोर पंत, रंगकर्मी विप्लव भट्ट, पत्रकार कुंडल सिंह चौहान, सक्रिय कार्यकर्ता करन तिवारी, इको टास्क फोर्स की मिलम कंपनी के कार्यवाहक कंपनी कमांडर नरेंद्र सिंह, कंपनी के दीवान सिंह और देव सिंह, रामलीला कमेटी देवलथल के अध्यक्ष शंकर सिंह सामंत, पीएलवी सुरेंद्र सिंह बसेड़ा, नरेश चंद्र पांडेय, भुवन बसेड़ा, अध्यापक विजय बोरा, सुनीता गहतोड़ी, इंद्रा बेलाल, शिशु मंदिर के प्रधानाचार्य शेखर जोशी, नीरज सामंत, सरपंच मोहन सामंत और कृष्ण सिंह नेगी, नीरज बिष्ट, महेंद्र विश्वकर्मा, आयुश नेगी, यश थापा, रोहित भट्ट आदि ने विशेष भूमिका निभाई। कार्यक्रम का संचालन अध्यापक योगेश बड़ द्वारा किया गया।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।