पिथौरागढ़ : बर्फबारी चेतावनी पर प्रशासन अलर्ट, डीएम ने जारी किए सख्त निर्देश
विभागीय और आपदा प्रबंधन एजेंसियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश

मौसम विभाग द्वारा 23 जनवरी शुक्रवार को जारी बारिश व बर्फबारी की चेतावनी को देखते हुए जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने जनपद की सभी संबंधित विभागीय और आपदा प्रबंधन एजेंसियों को अलर्ट मोड पर रहने के सख्त निर्देश दिए हैं।

जिलाधिकारी ने निर्माण एजेंसियों को निर्देशित किया कि संभावित बर्फबारी के दौरान सड़कों के बाधित होने की स्थिति में पोकलैंड और जेसीबी मशीनें तत्काल तैनात रखी जाएं, ताकि मार्गों को शीघ्र खोला जा सके। विद्युत विभाग को भी बिजली आपूर्ति बाधित होने की आशंका के मद्देनज़र आवश्यक संसाधन और मरम्मत दल तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं।
पूर्ति विभाग को सभी गोदामों में पर्याप्त खाद्यान्न भंडारण सुनिश्चित करने और दूरस्थ व संवेदनशील क्षेत्रों में किसी भी स्थिति में खाद्यान्न की कमी न होने देने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखने को कहा गया है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को आपात सेवाओं, आवश्यक दवाइयों और उपकरणों के साथ पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।
नगर निगम व नगरपालिकाओं को ठंड से बचाव के लिए अलाव, रैन बसेरे और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने को कहा गया है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि आपदा की किसी भी स्थिति में त्वरित कार्रवाई और जनसुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। निर्देशों की अनदेखी करने पर संबंधित विभागों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







