पिथौरागढ़ : युवाओं से स्मैक, शराब और अन्य नशे से दूर रहने की अपील
व्यापारियों, सीएलजी सदस्यों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक, सुनी लोगों की समस्याएं

युवाओं से स्मैक, शराब और अन्य नशे से दूर रहने की अपील करते हुए आज थल थाने में पुलिस उपाधीक्षक कुंवर सिंह रावत ने व्यापारियों, सीएलजी सदस्यों और क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर क्षेत्र की समस्याओं और कानून व्यवस्था पर चर्चा की। सीओ कुंवर सिंह रावत ने कहा कि पुलिस बुजुर्गों की सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है।

उन्होंने बताया कि पुलिस टीमें थाना क्षेत्र के गांवों में जाकर लोगों से मुलाकात करेंगी और उनकी समस्याएं सुनेंगी। उन्होंने और कहा कि पुलिस लगातार जागरूकता अभियान चलाकर युवाओं को नशे से बचने के लिए प्रेरित करती रहेगी। इस मुहिम में सभी को पुलिस का सहयोग करने की जरूरत है। बैठक में सीओ रावत ने उपस्थित लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके निस्तारण का आश्वासन दिया।
उन्होंने कहा कि यदि क्षेत्र में कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे तो तुरंत थाने को सूचना दें। उन्होंने साइबर क्राइम, डिजिटल ठगी और ऑनलाइन फ्रॉड के बढ़ते मामलों पर भी जानकारी देकर सतर्क रहने की सलाह दी। इसके उपरांत पुलिस उपाधीक्षक कुंवर सिंह रावत ने थल थाने का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मालखाना, शस्त्रागार, आपदा उपकरण, अभिलेख, सीसीटीएनएस कक्ष, भोजनालय और कर्मचारी बैरक सहित थाने के सभी महत्वपूर्ण हिस्सों का जायजा लिया।
सीओ रावत ने लंबित विवेचनाओं की समीक्षा कर संबंधित विवेचकों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। साथ ही थाने के हिस्ट्रीशीटरों की जानकारी लेकर उचित दिशा-निर्देश प्रदान किए। निरीक्षण के बाद उन्होंने पुलिस कर्मियों की बैठक लेकर उनकी समस्याएं सुनीं और निर्देश दिया कि थाने में आने वाले हर फरियादी की शिकायत को गंभीरता से सुनकर त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में थानाध्यक्ष प्रकाश चंद्र पांडे, जिला पंचायत सदस्य कमल कन्याल, समाजसेवी कमलेश अलमिया, व्यापार मंडल अध्यक्ष बबलू सामंत, ग्राम प्रधान सुनील सत्याल, थल के प्रधान नवीन चंद्र पाठक, टोपराधार के प्रधान दीवान सिंह खर्कवाल, सिंगाली की प्रधान पुष्पा सिरौला, अठखेत के ग्राम प्रधान दीपक भैसौड़ा, भगवान सिंह मारकोना, क्षेत्र पंचायत सदस्य गणेश राम, हेड मोहर्रिर दीपक लेखक, कांस्टेबल कैलाश चंद्र, नरेंद्र राणा, सरिता ह्यांकी, कृपाल सिंह भंडारी, राजेंद्र कुमार, राजेश कुमार, पप्पू बिष्ट, सुनील नाथ गोस्वामी, भानु पाठक, राजेंद्र प्रसाद आदि मौजूद थे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







