पिथौरागढ़ : खाई में गिरे बाइक सवार का शव बरामद
बीती शाम युवक के घर लौटते समय हुआ था हादसा

पिथौरागढ़ के डीडीहाट क्षेत्र में चौबाटी मार्ग पर घर लौटते समय बाइक सहित खाई में गिरे युवक का शव एसडीआरएफ ने बरामद कर लिया। पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बीते दिवस कोतवाली डीडीहाट में सूचना मिली कि खिलेश भट्ट पुत्र जगदीश चंद्र, उम्र 26 वर्ष, निवासी खितौला मझेङा, चौबाटी, डीडीहाट, अपनी मोटरसाइकिल से घोरपट्टा से चौबाटी रोड़ पर घर लौटते समय अपने पीठ पर पैराग्लाइडिंग से संबंधित एक भारी बैग बंधे हुए था। इसी दौरान मऊपानी मोड़ के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में गिर गई।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष डीडीहाट हरीश सिंह के नेतृत्व में एसडीआरएफ, फायर यूनिट डीडीहाट और थाना डीडीहाट पुलिस की संयुक्त टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। टीम ने गहरी खाई में उतरकर खोजबीन की, लेकिन रात होने के कारण मोटरसाइकिल चालक का पता नहीं लग पाया।
आज सुबह एसडीआरएफ, फायर यूनिट डीडीहाट और थाना डीडीहाट पुलिस टीम ने फिर से सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान गहरी खाई में जाकर मृतक खिलेश भट्ट का शव बरामद किया गया और शव को सड़क पर लाया गया। मृतक के परिजनों के मौजूदगी में शव का पंचायत नामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







