पिथौरागढ़ : जिलाधिकारी भटगांई ने संबंधितों को दिए कड़े निर्देश
जिला गंगा संरक्षण समिति की बैठक सम्पन्न

जिलाधिकारी आशीष भटगांई की अध्यक्षता में जिला सभागार में जिला गंगा संरक्षण समिति की बैठक सम्पन्न हुई। इस दौरान जिलाधिकारी ने संबंधितों को आवश्यक निर्देश जारी किए।

बैठक के दौरान जनपद अंतर्गत स्थित घाटों की नियमित सफाई, बायो मेडिकल वेस्ट के निस्तारण, प्रमुख नदियों के संरक्षण, प्रतिबन्धित सिंगल यूज़ प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध लागू कराने, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट तथा वेस्ट डिस्पोज़ल मैनेजमेंट सहित विभिन्न विभागों द्वारा संचालित कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
इस दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों से वर्तमान कार्यों की जानकारी लेते हुए जनपद के विभिन्न स्थानों पर नदियों में दूषित जल, अपशिष्ट कचरा एवं अन्य प्रकार की गंदगी प्रवाहित करने पर लगी रोक की सतत मॉनिटरिंग करने और इसकी नियमित जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने पर्यटन अधिकारी कीर्ति आर्य से होटलों में उत्पन्न वेस्ट एवं उसके प्रबंधन की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन होटलों में वेस्ट मैनेजमेंट संबंधी अनियमितता पाई जाए, उन पर चालान की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। साथ ही जिला पर्यटन विकास अधिकारी को निर्देशित किया गया कि जनपद में 20 से अधिक कमरों वाले सभी होटलों का निरीक्षण कर यह देखा जाए कि वे एसटीपी से जुड़े हैं या नहीं।
जिलाधिकारी ने जनपद में उपलब्ध कॉम्पैक्टर मशीनों की स्थिति के बारे में भी जानकारी ली तथा सभी मशीनों की रिपोर्ट जिला कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। नगर निगम एवं नगरपालिकाओं द्वारा संचालित वेस्ट मैनेजमेंट कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने सभी नगर निकायों, पंचायतों एवं खंड विकास अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने डीपीओ नमामि गंगे को सभी चल रहे कार्यों की विस्तृत रिपोर्ट तथा उनकी फॉलो-अप रिपोर्ट प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए। बैठक में जिलाधिकारी ने आईटीबीपी एवं सीमा सुरक्षा बल के अधिकारियों से एसटीपी टैंक और वेस्ट डिस्पोज़ल मैनेजमेंट निर्माण से संबंधित जानकारी प्राप्त की तथा कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक के दौरान एसडीएम सदर मनजीत सिंह, उप प्रभागीय वनाधिकारी राजकुमार, अधिशासी अभियंता जल निगम, डीपीओ नमामि गंगे ज्योत्सना जोशी, कृषि विभाग, आईटीबीपी व एसएसबी के अधिकारी उपस्थित थे, जबकि उप जिलाधिकारी एवं खंड विकास अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







