पिथौरागढ़ : गड्ढा मुक्त सड़क अभियान का डीएम ने किया औचक निरीक्षण
घटिया सामग्री पर जताई जताते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए

मानसून के बाद सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए चल रहे अभियान के तहत जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने मंगलवार को लोक निर्माण विभाग की ओर से किए जा रहे सड़क मरम्मत और गड्ढा भरान कार्यों का औचक निरीक्षण किया।
पिथौरागढ़-मुनाकोट सड़क मार्ग पर मरम्मत में प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सड़क की स्थिति, चल रहे मरम्मत कार्य और गड्ढा भरान में इस्तेमाल की जा रही निर्माण सामग्री का जायजा लिया।
सामग्री की गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्धारित तकनीकी मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि सड़क मरम्मत में इस्तेमाल होने वाली सामग्री प्लांट से निर्धारित मानकों और प्रक्रिया के अनुसार तैयार कर ही मौके पर लाई जाए, ताकि उसकी गुणवत्ता सुनिश्चित होने के साथ सड़क मरम्मत कार्य टिकाऊ और प्रभावी हो सके। उन्होंने अधिकारियों को कार्यों की नियमित गुणवत्ता जांच और मौके पर प्रभावी निगरानी करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने कहा कि मानसून के बाद सड़कों की स्थिति सुधारने के लिए चल रहे गड्ढामुक्त अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी कार्य निर्धारित गुणवत्ता और तकनीकी मानकों के अनुरूप समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि गड्ढामुक्त सड़क अभियान में गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। कार्यों में लापरवाही या निर्धारित मानकों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







