पिथौरागढ़ : मानस कॉलेज में निःशुल्क पुस्तक मेला व शैक्षणिक संवाद, 2700 पुस्तकों का वितरण
बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, शिक्षकों और आमजन ने किया प्रतिभाग

पिथौरागढ़ के मानस कॉलेज में उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय के तत्वावधान में निःशुल्क पुस्तक मेला एवं शैक्षणिक संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, शिक्षकों और आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने किया।
इस दौरान उन्होंने मानस कॉलेज के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान समय कौशल आधारित ज्ञान का युग है। केवल डिग्री प्राप्त करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि रोजगारपरक और व्यावहारिक शिक्षा भी उतनी ही आवश्यक है। उन्होंने कॉलेज में संचालित व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की वैश्विक प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला और दूरस्थ शिक्षा के अधिकतम उपयोग पर बल दिया।
संस्थान के चेयरमैन डॉ. अशोक कुमार पंत ने मानस एकेडमी के 24वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि सीमांत क्षेत्र के युवाओं को रोजगारपरक शिक्षा प्रदान करना संस्थान का संकल्प है। इस दौरान मानस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स की ओर से कुलपति प्रो. लोहनी को सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम में प्रो. सरोज वर्मा की पुस्तक उत्तराखण्ड लोक संस्कृति के विविध आयाम का लोकार्पण भी कुलपति द्वारा किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मोहन चन्द्र भट्ट ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि सीमांत क्षेत्र में युवाओं को रोजगारपरक शिक्षा देने की मानस कॉलेज की पहल सराहनीय और क्षेत्र के लिए वरदान साबित हो रही है।
पुस्तक मेले में करीब 2700 पुस्तकों का निःशुल्क वितरण किया गया। आयोजन को सफल बनाने में अंशुल पंत, संजीव मसीह, यशोदा पाठक, हेम पाण्डे, मीनाक्षी पंत, आकांक्षा पंत सहित समस्त स्टाफ का शामिल रहा। कार्यक्रम में मानस एकेडमी के विद्यार्थी एवं शिक्षक-शिक्षिकाएं भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
सहायक क्षेत्रीय निदेशक प्रो. भाष्कर जोशी ने सभी का आभार व्यक्त किया, जबकि कार्यक्रम का संचालन योगेश भट्ट ने किया। इस अवसर पर बसन्त भट्ट, डॉ. पीआर लोहिया, भाष्कर कर्नाटक, जीवन सिंह धामी, विप्लव भट्ट, प्रदीप सक्रेयाल, आंचल कुमारी, नीरज जोशी, केडी भट्ट, सुभाष जोशी, जमुना लोहिया, नारायण सिंह बोहरा सहित कई लोग मौजूद थे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







