पिथौरागढ़ : हिमालयी क्षेत्र प्राकृतिक सम्पदा की अनमोल धरोहर : पालिकाध्यक्ष चुफाल
वनाग्नि विहीन हिमालय अभियान के तहत जन-जागरूकता रैली एवं हस्ताक्षर अभियान का शुभारंभ

पिथौरागढ़ के डीडीहाट में अभिलाषा एकेडमी द्वारा अभिलाषा समिति के सहयोग से आयोजित वनाग्नि विहीन हिमालय अभियान के तहत हस्ताक्षर अभियान एवं जन जागरूकता रैली का शुभारंभ पालिकाध्यक्ष गिरीश चुफाल व उप जिलाधिकारी खुशबू पाण्डे द्वारा किया गया।
इस दौरान पालिकाध्यक्ष गिरीश चुफाल ने हिमालयी क्षेत्र को प्राकृतिक सम्पदा की अनमोल धरोहर बताते हुए कहा कि नगर पालिका इस अभियान के माध्यम से जन सहभागिता बढ़ाकर वनाग्नि की घटनाओं को रोकने में अग्रणी भूमिका निभाएगी। उप जिलाधिकारी खुशबू पाण्डे ने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं से बचाव का मूलमंत्र सतर्कता व स्वच्छता में निहित है। इस जन जागरूकता रैली से नागरिकों में जिम्मेदारी एवं सचेतनता का भाव जागृत होगा, जो वनाग्नि को जड़ से समाप्त करने की दिशा में निर्णायक होगा।
थानाध्यक्ष हरीश कोरंगा ने कहा कि वन में आगजनी की घटनाओं में अधिकांश लापरवाही, नक्काशी या जानबूझकर आग लगाने की आशंका होती है। पुलिस व वन विभाग का संयुक्तक प्रयास इन घटनाओं को न्यून करने में सहायक सिद्ध होगा। पूर्व पालिकाध्यक्ष कमला चुफाल ने कहा कि सभी का कर्तव्य है कि अपने आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाएं रखें। वनाग्नि रोकथाम के लिए छोटे-छोटे कदम भी बड़ा फर्क ला सकते हैं।
पत्रकार प्रमोद दिगारी व संजय पंत ने अभियान के संदेश को घर-घर तक पहुंचाने में पूरी तत्परता से योगदान देने की बात कहते हुए जन-जीवन और पारिस्थितिकी दोनों के लिए वनाग्नि को बेहद नुकसानदायक बताया। कहा यह अभियान का हर कदम हिमालयी पर्यावरण को सुरक्षित रखने की लड़ाई है। इस मौके पर अध्यक्ष व्यापार संघ शेर सिंह शाही, वन क्षेत्राधिकारी श्री सुरेन्द्र सिंह रावत, प्रबंधक अभिलाषा एकेडमी चंचल सिंह नितववाल, प्रधानाचार्य डाक्टर अनिता जोशी आदि ने भी विचार व्यक्त किए।
अभिलाषा समिति के अध्यक्ष डाक्टर किशोर कुमार पंत ने बताया कि इस अभियान के माध्यम से स्थानीय नागरिकों, व्यापारिक एवं शैक्षणिक संस्थानों, प्रशासन एवं वन विभाग का समन्वित प्रयास सुनिश्चित किया गया है, ताकि हिमालयी पारिस्थितिकी तंत्र सुरक्षित और समृद्ध बना रहे। इस अवसर पर स्थानीय लोगों सहित विभागीय कर्मचारी मौजूद थे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।