पिथौरागढ़ : महिला स्वच्छता और सशक्तिकरण की दिशा में पहल
महाविद्यालय में सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीन का उद्घाटन

पिथौरागढ़ के स्व. डॉ. आर. एस. टोलिया राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, मुनस्यारी में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के सहयोग से आज छात्राओं की सुविधा हेतु सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीन का उद्घाटन किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य प्रो. हितेश कुमार जोशी ने की, जबकि संयोजन का दायित्व आईक्यूएसी सेल के संयोजक डॉ. रिफाकत अली द्वारा निभाया गया। यह पहल छात्राओं के स्वास्थ्य, स्वच्छता और सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में सराही जा रही है।
महिला समिति की प्रभारी निधि मारौठिया एवं समिति सदस्य डॉ. रितु ने छात्राओं को मशीन के उपयोग की जानकारी दी तथा डेमो (प्रदर्शन) के माध्यम से बताया कि किस प्रकार छात्राएँ आवश्यकता पड़ने पर इसका सुरक्षित और सही उपयोग कर सकती हैं।
महिला समिति की ओर से यह भी बताया गया कि मासिक धर्म एक स्वाभाविक प्रक्रिया है और इसके प्रति जागरूकता एवं स्वच्छता अत्यंत आवश्यक है। इस मशीन के माध्यम से छात्राओं को अब स्वच्छता सामग्री तुरंत उपलब्ध हो सकेगी।
प्राचार्य प्रो. हितेश कुमार जोशी ने कहा कि यह पहल महाविद्यालय में महिला स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं गरिमा को सुदृढ़ करने की दिशा में एक सशक्त कदम है। उन्होंने छात्राओं से इस सुविधा का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने का आह्वान किया।कार्यक्रम में महाविद्यालय के सभी प्राध्यापकगण, कर्मचारी एवं छात्राएँ बड़ी संख्या में उपस्थित थी।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







