पिथौरागढ़ : नो व्हीकल डे पर डीएम पैदल पहुंचे कलेक्ट्रेट, रोडवेज स्टेशन का किया औचक निरीक्षण
ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश, व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश

ईंधन बचत, पर्यावरण संरक्षण, स्वस्थ जीवनशैली और यातायात व्यवस्था के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से नो व्हीकल डे के अवसर पर शनिवार को जिलाधिकारी आशीष भटगांई अपने कैंप कार्यालय से पैदल चलकर कलेक्ट्रेट पहुंचे। इस पहल के माध्यम से उन्होंने आमजन को पर्यावरण संरक्षण, ईंधन बचत और पैदल चलने के महत्व का संदेश दिया।
पैदल यात्रा के दौरान जिलाधिकारी ने रोडवेज बस स्टेशन का औचक निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेशन परिसर की साफ-सफाई, यात्री सुविधाओं, पेयजल व्यवस्था, शौचालयों की स्थिति, टिकट काउंटर और बस संचालन व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने उपस्थिति रजिस्टर का अवलोकन कर कर्मचारियों की उपस्थिति की जांच की और अनुपस्थित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को परिसर की स्वच्छता व्यवस्था और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। साथ ही यात्रियों के बैठने की व्यवस्था, सूचना पट्टों और प्रकाश व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने यात्रियों से संवाद कर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली और उनकी समस्याएं एवं सुझाव सुने।
कुछ यात्रियों ने बसों के समयबद्ध संचालन और परिसर की साफ-सफाई को लेकर सुझाव दिए, जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस मौके पर जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने कहा कि नो व्हीकल डे केवल एक अभियान नहीं, बल्कि ईंधन बचत, पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ समाज की दिशा में सामूहिक जिम्मेदारी का प्रतीक है।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







