पिथौरागढ़ : शिकायतों के त्वरित और पारदर्शी निस्तारण को प्राथमिकता, लापरवाह अधिकारियों को फटकार
जनसुनवाई के दौरान अधिकांश मामलों का समाधान पर मौके

पिथौरागढ़ के कलेक्ट्रेट सभागार आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में बीते दिवस जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने जनता की शिकायतें सुनीं और त्वरित कार्रवाई के निर्देश संबंधितों को दिए। कार्यक्रम में 45 लोगों ने अपनी समस्याएं दर्ज कराई, जिनमें से अधिकांश मामलों का समाधान मौके पर ही कर दिया गया।

इस दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि जनता की शिकायतों का शीघ्र और पारदर्शी निस्तारण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पेयजल, विद्युत, सड़क, पेंशन, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ी शिकायतों पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एक विधवा महिला की पेंशन संबंधी शिकायत पर डीएम ने संबंधित अधिकारी को तीन दिन के भीतर पेंशन स्वीकृत करने के निर्देश दिए।
वहीं एक श्रवण बाधित व्यक्ति को कान की मशीन उपलब्ध कराने के लिए समाज कल्याण अधिकारी को आदेश दिया। डीएम ने सड़क निर्माण कार्यों में धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए कार्यदायी संस्थाओं को सख्त चेतावनी दी कि यदि सुधार नहीं हुआ तो जिम्मेदारी तय की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को जनसुनवाई में पूर्ण जानकारी के साथ उपस्थित रहने और मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी शिकायतों को प्राथमिकता से हल करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री घोषणाओं और सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों को प्राथमिकता दी जाए और शिकायतकर्ताओं को व्यक्तिगत रूप से निस्तारण की जानकारी दी जाए। जनसुनवाई में अपर जिलाधिकारी योगेन्द्र सिंह, उपजिलाधिकारी सदर मनजीत सिंह, परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास आशीष पुनेठा, जिला विकास अधिकारी रमा गोस्वामी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







