पिथौरागढ़ : भर्ती की तैयारियों का एसपी ने लिया जायजा, दिए आवश्यक निर्देश
थानाध्यक्ष व व्यापारियों की बैठक, वनाग्नि की रोकथाम को लेकर संयुक्त प्रयास

आगामी 24 फरवरी से पिथौरागढ़ के पुलिस लाईन में उत्तराखण्ड आरक्षी भर्ती के लिए होने वाली नाप जोख व शारीरिक दक्षता परीक्षा की तैयारियों का आज पुलिस कप्तान रेखा यादव ने जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने भर्ती स्थल का निरीक्षण करते हुए सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए।
पुलिस ने सभी संबंधित अभ्यर्थियों से अपने प्रवेश पत्र के अनुसार निर्धारित तिथि, समय से प्रवेश पत्र व उसमें अंकित प्रमाण पत्र एवं घोषणा पत्र के साथ स्थल पर पहंुचने को कहा है। परीक्षा प्रत्येक दिवस प्रातः 07.00 बजे से प्रारम्भ की जायेगी।
पिथौरागढ़ के मुनस्यारी में आज थानाध्यक्ष मुनस्यारीअनिल आर्या द्वारा टैक्सी यूनियन, व्यापार मण्डल पदाधिकारियों के साथ बैठक की गई। बैठक में नगर क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सूचारू करने, नशे पर अंकुश लगाने हेतु अवैध तस्करी में लिप्त लोगों को चिन्हित कर, उनके विरूद्ध कड़ी कार्रवाई करने पर चर्चा हुई।
टैक्सी पार्किंग और टैक्सी स्टैन्ड में अपने वाहनों को पार्क करने, होटल ढाबा संचालकों को अवैध रूप से शराब न परोसने हेतु निर्देश दिये गये। साथ ही पुलिस ने बैठक में उपस्थित लोगों को यातायात नियमों, नशे के दुष्परिणामों, साइबर क्राइम आदि के सम्बन्ध में जानकारी भी दी।
फायर सीजन से पहले वनाग्नि की रोकथाम को लेकर पुलिस, प्रशासन, एसएसबी और वन विभाग द्वारा एक संयुक्त रणनीति तैयार करने पर विस्तृत चर्चा की गई। इस दैरान एसएसबी 55वीं वाहिनी के कमाण्डेन्ट आशीष कुमार ने पुलिस अधीक्षक पिथौरागढ़ रेखा यादव से पुलिस कार्यालय में शिष्टाचार भेंट कर बताया कि एसएसबी पुलिस के साथ मिलकर 24 घंटे तत्पर रहेगी, ताकि वनाग्नि को प्रभावी तरीके से रोका जा सके।
कमाण्डेन्ट ने कहा कि एसएसबी अपने सभी संसाधनों का उपयोग करके वन विभाग और स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर इस प्रयास में सक्रिय रूप से सहयोग करेगी। एसपी रेखा यादव ने भी इस संयुक्त प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस, एसएसबी और वन विभाग के बीच समन्वय से वनाग्नि के जोखिम को कम किया जा सकेगा। कहा कि यह पहल फायर सीजन के दौरान वनाग्नि की घटनाओं को नियंत्रण में लाने के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी और इससे पर्यावरणीय नुकसान को भी रोका जा सकेगा।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।