पिथौरागढ़ : सात विकास खंडों में होगा कड़ा मुकाबला
मूनाकोट से निर्दलीय नीमा वल्दिया का निर्विरोध ब्लाक प्रमुख बनना तय

बीते दिवस सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे के नामांकन की प्रक्रिया संपन्न हुई। इसके बाद देर शाम तक नामांकन पत्रों की जांच कार्य समाप्ति तक जारी थी। आज मंगलवार को प्रातः 10 से अपरान्ह् दो बजे तक नाम वापसी व 14 अगस्त को 10 से 03 बजे तक मतदान व इसके उपरांत मतगणना होनी है। जिले के मूनाकोट से निर्दलीय दावेदार नीमा वल्दिया का निर्विरोध ब्लाक प्रमुख बनना तय हो गया, इस सीट पर एक ही नामांकन हुआ है। जिले के अन्य सात विकास खंडों में कड़ा मुकाबला होना तय माना जा रहा है।

जनपद के मूनाकोट विकास खंड मे नीमा वल्दिया का दूसरी बार ब्लाक प्रमुख बनना तय हो गया। ब्लाक प्रमुख पद पर एकमात्र ही नामांकन हुआ। वह लगातार दूसरी बार ब्लाक प्रमुख बनने वाली जिले की पहली महिला ब्लाक प्रमुख हैं। मूनाकोट विकास खंड में भाजपा और कांग्रेस ने अपना कोई प्रत्याशी मैदान में नहीं उतारा था। नीमा की निर्विरोध जीत से उनके समर्थकों में खुशी की लहर है।
बेरीनाग में भाजपा अधिकृत प्रत्याशी नीरजा ने नामांकन किया है। दूसरी प्रत्याशी रितु देवी को प्रस्तावक और अनुमोदक नहीं मिलने से नामांकन रदद हो गया। निर्दलीय प्रत्याशी संगीता ने अपना नामांकन किया है। ज्येष्ठ उप प्रमुख पद पर निर्दल धीरज बिष्ट और भाजपा प्रत्याशी जानकी लोहनी ने अपना नामांकन किया। बेरीनाग में कनिष्ठ उप प्रमुख पद पर इंजीनियर गौरव अस्वाल का निर्विरोध चुना जाना तय हो चुका है। गौरव पुरानाथल क्षेत्र पंचायत सीट से जीते थे।
मुनस्यारी में भाजपा के प्रदीप रावत और कांग्रेस की डा. कविता महर ने अपने समर्थको के साथ ब्लाक प्रमुख पद के लिए नामांकन किया। भाजपा से ज्येष्ठ उप प्रमुख पद के लिए जगदीश दिवेदी और कनिष्ठ उप प्रमुख के लिए देवेंश कुमार ने तथा कांग्रेस से ज्येष्ठ उप प्रमुख के लिए गीता देवी और कनिष्ठ उप प्रमुख के लिए देवेंद्र धर्मशक्तू ने नामांकन किया है। धारचूला में भाजपा की मंजुला बुदियाल और कांग्रेस की पूजा ग्वाल तथा निर्दलीय कृति रजवार ने नामांकन किया। ज्येष्ठ उप प्रमुख के लिए खीम सिंह और नृपेंद्र सिंह तथा कनिष्ठ उप प्रमुख के लिए रमेश राम और रमेश सिंह ने नामांकन किया।
कनालीछीना में ब्लाक प्रमुख पद पर भाजपा के महिमन कन्याल, कांग्रेस के प्रशांत भंडारी, निर्दल राहुल कुमार ने ब्लाक प्रमुख पद के लिए नामांकन किया। ज्येष्ठ उप प्रमुख पद पर भाजपा के विवेक जोशी, ज्योति पंत और कनिष्ठ उप प्रमुख पद के लिए भाजपा बिजेंद्र सिंह और राहुल कुमार ने नामांकन किया। बिण ब्लाक में भाजपा की कविता वर्मा ओर कांग्रेस की रश्मि गोस्वामी ने ब्लाक प्रमुख पद के लिए नामांकन किया। ज्येष्ठ उप प्रमुख और कनिष्ठ उप प्रमुख के लिए देवराज, राकेश और कमल ने नामांकन किया।
गंगोलीहाट में भाजपा प्रत्याशी अर्चना गंगोला, कांग्रेस प्रत्याशी विनोद प्रसाद व निर्दलीय प्रत्याशी सूरज कुमार ने प्रमुख पद के लिए नामांकन दाखिल किया। वहीं ज्येष्ठ उप प्रमुख पद पर दीपक उप्रेती, रविन्द्र सिंह, जगत सिंह, कृष्ण अवतार और कनिष्ठ उप प्रमुख पद पर कविता व संगीता ने नामांकन कराया है। डीडीहाट में ब्लाक प्रमुख पद के लिए संयुक्त मोर्चा के बंशीधर भटट और नरेंद्र धामी उर्फ गुडडू धामी और हरेंद्र चुफाल ने नामांकन किया। ज्येठ उप प्रमुख पद के लिए संयुक्त मोर्चा की प्रीति बोरा और कनिष्ठ प्रमुख के लिए महेंद्र सत्याल के एकमात्र नामांकन हुए हैँ। भाजपा व कांग्रेस से कोई नामाकंन नहीं हुआ । आज मंगलवार को नाम वापसी के बाद दावेदारों की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







