पिथौरागढ़ : मांग पर गौर नहीं करने से नाराज हैं ग्रामीण
मड़कनाली-गनतोला तक सड़क निर्माण की मांग

बीते दिनों से लगातार मांग किए जाने पर भी अभी तक सड़क पक्की किए जाने को लेकर कोई कार्रवाई नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने एक बार फिर से इस मामले को उठाते हुए एसडीएम को एक ज्ञापन सौंप उचित कार्रवाई की मांग की है।

गंगोलीहाट के मड़कनाली से गनतोला तक पक्की सड़क बनाये जाने की मांग को लेकर क्षेत्रवासियों ने बीते दिवस तहसील मुख्यालय पहुंचकर उप जिलाधिकारी के सम्मुख अपनी समस्या रखते हुए ज्ञापन सौंपा। पूजा देवी के नेतृत्व में तहसील मुख्यालय पहुंचे क्षेत्रवासियों ने कहा कि मड़कनाली से गनतोला तक केवल पैदल मार्ग बना हुआ है।
आधा दर्जन गांवों के लोग पैदल मार्ग से ही आवागमन करते आ रहे हैं। सड़क नहीं होने से क्षेत्रवासियों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कहा कि बीते लंबे समय पक्की सड़क बनाने की मांग करने के बाद भी अभी तक कोई सकारात्मक पहल नहीं हुई। सड़क के अभाव में ग्रामीणों को गांव के बीमार लोगों को अस्पताल पहुंचाने में खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
पैदल मार्ग वर्षाकाल में बेहद खतरनाक हालात में पहुंच जाता है। ग्रामीणों ने गनतोला तक शीघ्र पक्की सड़क का निर्माण कराए जाने की मांग की है। ज्ञापन सौंपने वालों में ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष गिरीश सुगड़ा, राजीव सुगड़ा, आनंद बिष्ट, संजय बोहरा, पवन, माधवी देवी सहित अन्य ग्रामीण शामिल थे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







