पिथौरागढ़ : जंगल बचाने आगे आए ग्रामीण, सहयोग से स्थिति को किया नियंत्रित
वन विभाग ने लोगों से की सहयोग देने की अपील

सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में बढ़ते वनाग्नि खतरे के बीच वन विभाग द्वारा चलाए जा रहे जागरूकता अभियान का सकारात्मक असर देखने को मिल रहा है। अब स्थानीय ग्रामीण भी जंगलों को आग से बचाने के लिए सक्रिय रूप से आगे आ रहे हैं और वन विभाग का सहयोग कर रहे हैं।
वन क्षेत्राधिकारी दिनेश जोशी के नेतृत्व में चल रहे अभियान के तहत डाकूड़ा, लुंटियुरा और बड़ोली क्षेत्रों के ग्रामीणों ने बीते दिनों जंगलों में लगी आग बुझाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। दुर्गम पहाड़ी रास्तों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद ग्रामीणों ने विभागीय टीम के साथ मिलकर आग पर काबू पाने में सहयोग किया।
तेज हवाओं, सूखी घास और जमीन पर गिरी पिरुल के बीच आग बुझाना चुनौतीपूर्ण था, लेकिन स्थानीय लोगों के सहयोग से स्थिति को नियंत्रित किया जा सका। वन विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे प्रेरणादायक बताया। प्रभागीय वनाधिकारी आशुतोष सिंह ने कहा कि पहाड़ों के जंगल यहां की पहचान हैं और इनकी सुरक्षा हम सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि जो लोग जंगलों को बचाने के लिए आगे आ रहे हैं, उन्हें विभाग भविष्य में सम्मानित करेगा, ताकि अन्य लोग भी इससे प्रेरणा लें। वन विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे जंगलों में आग लगने की घटनाओं को रोकने में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत विभाग को दें।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







