पिथौरागढ़ : पशुओं को बचाने के दौरान मलबे में दबी महिला की मौत
जिलाधिकारी ने पीड़ित परिवार को बंधाया ढांढस, हर संभव मदद का भरोसा

पिथौरागढ़ के डीडीहाट में बीती रात हुई भारी बारिश के कारण आज सुबह नगर पालिका के पोस्ट ऑफिस वार्ड अंतर्गत लोहार गांव में भूस्खलन से एक आवासीय मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस दौरान मलबे की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई।

डीडीहाट के पालिका के पोस्ट ऑफिस वार्ड अंतर्गत लोहार गांव में भूस्खलन के चलते पहाड़ी से भारी मात्रा में आया मलबा एक मकान के ऊपर आ गिरा। मलबे की चपेट में आने से मंजू गैड़ा, उम्र 50 वर्ष, पत्नी स्व. जगदीश सिंह गैड़ा दब गई। हादसे की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, एसएसबी तथा पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा तत्काल रेस्क्यू कार्य आरंभ किया गया।
सात बजे से लगातार चले रेस्क्यू अभियान के तहत लगभग 12 बजे महिला का शव बरामद किया गया। रेस्क्यू के दौरान एक मृत गाय व बकरी तथा दो जीवित बकरियों को भी बाहर निकाला गया। बताया जा रहा है कि मृतका ने मालबा आता देख अपने पशुओं को बचाने के लिए मकान में प्रवेश किया और बंधे पशुओं को खोलने लगी, इस दौरान मकान में गिरे मलबे की चपेट में आने से दब गई।
हादसे की सूचना पर जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी ने घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों का निरीक्षण करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश संबंधितों को दिए। जिलाधिकारी ने पीड़ित परिवार से भेंटकर ढांढस बाधाया और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। पुलिस द्वारा मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
जिलाधिकारी ने राहत एवं बचाव कार्य में जुटे रहे प्रशासन, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, एसएसबी, पुलिस व स्थानीय लोगों के समन्वय व त्वरित कार्रवाई की सराहना की। प्रशासन द्वारा भूस्खलन से हुई हानि का आंकलन और परिवार के मदद को लेकर कार्रवाई जारी थी। आपदा के दृष्टिगत नगर पालिका क्षेत्र से 20-25 परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया है और
ग्रामीण क्षेत्र में 05-07 परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया है। इस दौरान जिलाधिकारी ने क्षतिग्रस्त विद्यालय आंगन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने नगर पालिका, पीएमजीएसवाई एवं लोक निर्माण विभाग को विद्यालय प्रांगण में कंक्रीट की मजबूत दीवार निर्माण के लिए शीघ्र योजना बनाकर कार्यवाही प्रारंभ करने के निर्देश दिए।
साथ ही जिलाधिकारी ने सड़क निर्माण से जुड़े विभागों को सड़कों पर जमा मलबा तत्काल हटाने के भी निर्देश दिए। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी डीडीहाट खुशबू पाण्डेय, तहसीलदार पिंकी आर्या, नगर पालिका परिषद के अधिकारी एवं कर्मचारी सहित पुलिस प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी मौजूद थे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







