पिथौरागढ़ : महिला ने दी तहरीर, सर्विलांस की मदद से आरोपी को दबोचा
नौकरी लगाने के नाम पर लाखों की धोखाधड़ी, जान से मारने की धमकी

एक महिला के साथ धोखाधड़ी मामले में पुलिस ने आरोपी युवक की सर्विलासं की मदद से दबोच लिया। आरोपी के खिलाफ कोर्ट से वारंट जारी किया गया था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बीते 26 नवम्बर 2022 को थाना बलुवाकोट क्षेत्रान्तर्गत निवासी एक महिला ने थाने में तहरीर देते हुए बताया कि बसन्ती नगन्याल व पवन ने उनसे समूह ग में नौकरी लगवाने का झांसा देकर 05 लाख की धोखाधड़ी की है । शिकायतकर्ता के अनुसार दिसम्बर 2021 में उनकी मुलाकात बसन्ती नगन्याल से हुई जिसने बताया कि पवन नाम का व्यक्ति उसका दोस्त है तथा पुलिस का दरोगा होना बताया गया।
इस प्रकार अपने जाल में फंसाकर पीड़िता से समूह ग में नौकरी लगवाने की बात कहकर 05 लाख रूपये हड़प लिये। जब पीड़िता ने अपने रूपये वापस मांगे तो उसे जान से मारने की धमकी भी देने लगे। पीड़िता की शिकायत पर थाना बलुवाकोट में आरोपियों के विरूद्ध धारा 420/506/ 120 बी भादवि के तहत मामला दर्ज किया गया। आरोपियों को पुलिस ने पूर्व में नोटिस तामील कराकर पाबन्द किया था, परन्तु आरोपी पवन सिंह चौहान कोर्ट में पेश नही हो रहा था।
कोर्ट ने आरोपी पवन के विरूद्ध गिरफ्तारी वारण्ट जारी किया। कोर्ट के आदेश पर आरोपी के खिलाफ कुर्की की उद्घोषणा की कार्रवाई भी की गयी थी। एसपी रेखा यादव के निर्देशन में सीओ धारचुला संजय पाण्डे, सीओ पिथौरागढ़ गोविन्द बल्लभ जोशी, सीओ केएस रावत के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष डीडीहाट हरीश सिंह कोरंगा के नेतृत्व में उक्त अभियुक्त की गिरफ्तारी हेतु टीम गठित की गई।
पुलिस टीम के अथक प्रयास व सर्विलांस टीम की मदद से आरोपी पवन सिंह चौहान, निवासी किशन पुर उद्यमसिंहनगर, हाल पता गांव सीकरी, भनकपुर रोड, सैक्टर 58 जिला फरीदाबाद हरियाणा को थाना फरीदाबाद क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरूद्ध थाना नानकमत्ता उद्यमसिंहनगर में भी धारा 406 भादवि के तहत मुकदमा दर्ज है जिसमें पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था। जमानत के बाद से आरोपी फरार चल रहा था। पुलिस टीम में उप निरीक्षक हरीश सिंह कोरंगा, थानाध्यक्ष डीडीहाट, कांस्टेबल राजेन्द्र कुमार, कांस्टेबल चालक जगदीश प्रसाद व कांस्टेबल कमल तुलेरा (सर्विलांस) शामिल थे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।