अलर्ट पुलिस : लगातार बारिश के बीच संवेदनशील क्षेत्रों में बढ़ाई निगरानी
मौसम और मार्ग की जानकारी लेने के बाद ही सुरक्षित यात्रा करने की अपील

जनपद में लगातार हो रही बारिश और खराब मौसम को देखते हुए चंपावत पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देशन में पुलिस अलर्ट मोड पर है। पुलिस को संवेदनशील एवं जोखिम वाले क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। भूस्खलन संभावित क्षेत्रों, नदी-नालों, गधेरों, जलभराव वाले स्थानों और प्रमुख मार्गों पर पुलिस की विशेष निगरानी रखी जा रही है।
बारिश के कारण मार्ग प्रभावित होने या यातायात बाधित होने की स्थिति में पुलिस कर्मियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था सुचारु कराने और आमजन व यात्रियों को आवश्यक सहयोग एवं दिशा-निर्देश देने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस टीमों को किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए अलर्ट रखा गया है।
आवश्यकता के अनुसार संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती कर राहत एवं बचाव कार्यों में सहयोग के लिए भी तैयार रखा जा रहा है। पुलिस ने आमजन से भारी बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। नदी-नालों, गधेरों और तेज बहाव वाले स्थानों के पास न जाने तथा भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है।
आवश्यक यात्रा की स्थिति में मौसम और मार्ग की जानकारी लेने के बाद ही सुरक्षित यात्रा करने की अपील की गई है। पुलिस ने लोगों से शासन-प्रशासन की ओर से जारी सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने को कहा है। किसी भी आपात स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल पुलिस सहायता के लिए डायल-112 पर संपर्क करने की अपील की गई है।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







