पानी की मोटरें चुराने वाले दो आरोपियों को धर दबोचा
13 मोटरें बरामद, अनुमानित लागत 1.50 लाख

बड़ी सफलता हासिल करते हुए पुलिस ने मोटर चोर गिरोह का पर्दाफाश कर एक दर्जन से अधिक मोटरें बरामद कर 02 शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया।

उधमसिंह नगर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बीते 12 जून को काशीपुर निवासी मलकीत सिंह ने अपने खेत से पानी की मोटरें चोरी होने की लिखित तहरीर थाना काशीपुर में दी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए धारा 303(2) बीएनएय के तहत अभियोग पंजीकृत किया।
किसानों से जुड़ा मामला होने के कारण वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए दिए गए निर्देशों पर पुलिस टीमों का किया गया और टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, लेकिन आस-पास कोई सीसीटीवी कैमरे नहीं पाए जाने के कारण पुलिस का कार्य काफी जटिल हो गया। फिर पुलिस टीम ने मैनुअल पुलिसिंग पर बल देते हुए गोपनीय तरीके से संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटाई।
लगातार किए गए प्रयासों के चलते पुलिस ने दो संदिग्धों गुरजीत सिंह उर्फ गित्तू, उम्र 38 वर्ष और भजन सिंह, उम्र 36 वर्ष, निवासी गोविंदपुर कुण्डेश्वरी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। संदिग्धों से कड़ाई से पूछताछ करने पर उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने विभिन्न कंपनियों और रंगों की 13 पानी की मोटरें बरामद कीं। इन 13 मोटरों में से 02 मोटरें उपरोक्त अभियोग से संबंधित थीं, जबकि शेष 11 अन्य मोटरों को धारा 35/106 बीएनएसएस के तहत पुलिस द्वारा कब्जे में लिया गया, जिनकी तस्दीक जारी है।
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने अपने अपराध करने के तरीके का खुलासा किया। वे दिन और शाम के समय सुनसान और अकेले खेतों की रेकी करते थे, जहां पानी की मोटरें लगी होती थीं। अंधेरा होने पर मौका पाकर वे इन मोटरों को चोरी कर लेते थे और आस-पास के जंगलों में छिपा देते थे। बाद में सही मौका देखकर वे इन चोरी की मोटरों को अच्छे दामों पर बेच देते थे।
आरोपियों ने यह भी बताया कि वे मोटर खोलने का काम शाम 08.00 बजे से 11.00 बजे के आसपास करते थे ताकि किसी को कोई शक न हो। बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के आधार पर अभियोग में धारा 3(5)/317 (2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों को आज न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक अमर चंद शर्मा, उपनिरीक्षक संतोष देवरानी, उपनिरीक्षक देवेंद्र सामंत, कांस्टेबल जगदीश पपनै, कांस्टेबल किशोर फर्त्याल व कांस्टेबल वीरेंद्र बिष्ट शामिल थे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







