पिथौरागढ़ : जिलाधिकारी ने दिए संबंधितों को आवश्यक निर्देश
नामिक, बूर्फू और मर्तोली के लिए पोलिंग पार्टी आज रवाना

जिला निर्वाचन अधिकारी व जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आगामी त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन के तहत जनपद के अति संवेदनशील मतदान केंद्रों को रवाना होने वाली पोलिंग पार्टियों की सुरक्षा को लेकर एक बैठक आयोजित की।

बैठक के दौरान मुनस्यारी विकासखंड के तीन अति संवेदनशील मतदान केंद्र नामिक बूर्फू और मर्तोली के लिए रवाना होने वाली पोलिंग पार्टियों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित तीनों सेक्टर मजिस्ट्रेटों से सीधा संवाद कर तैयारियों की जानकारी प्राप्त की और प्रशासन की तैयारियों के बारे में भी उन्हें अवगत कराया।
इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि पहली बार दुर्गम क्षेत्रों को सड़क मार्ग से पोलिंग पार्टियाँ जा रही हैं, इन सभी मार्गों को खोला जा चुका है और आवश्यक मशीनरी एवं संसाधनों की तैनाती संवेदनशील स्थानों में की गई है। बताया कि इन पोलिंग पार्टियों में पुलिस दल के साथ एक-एक एसडीआरएफ का जवान भी शामिल है, आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया के लिए ट्रांसमेंट वाहनों की व्यवस्था पहले से की गई है।
बैठक के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने डीडीएमओ को निर्देशित करते हुए इन टीमों की लोकेशन ट्रैक करने और समय-समय पर संबंधित अधिकारियों को सूचना उपलब्ध कराने तथा पोलिंग पार्टी को बीआरओ से निरंतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि मार्गों की स्थिति का अपडेट मिलता रहे।
साथ ही सेक्टर मजिस्ट्रेटों को किसी भी आपात स्थिति में पोलिंग पार्टियों को सुरक्षित स्थानों में ठहराने की समुचित योजना करने और प्रशासन को सूचित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों के अब तक किए गए समर्पित प्रयासों की सराहना की और इसी तत्परता एवं समन्वय से निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने की बात कही।
बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी ने सैटेलाइट फोन की उपलब्धता की जानकारी ली और निरंतर प्रशासन से समन्वय बनाये रखने के निर्देश दिए। बैठक में उपजिलाधिकारी मुनस्यारी वैभव काण्डपाल, मुख्य कृषि अधिकारी अमरेन्द्र चौधरी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी भूपेश मेहरा सहित अन्य अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







