पिथौरागढ़ : एसएसबी के हत्थे चढ़ा इलेक्ट्रॉनिक सामान की तस्करी करता व्यक्ति
सामान जब्त कर किया कस्टम विभाग के सुपुर्द

नेपाल से तस्करी कर लाए जा रहे इलेक्ट्रॉनिक सामान के साथ एक व्यक्ति को एसएसबी ने पकड़ कर सामान जब्त करते हुए कस्टम विभाग के सुपुर्द कर दिया।

बीते दिवस सशस्त्र सीमा बल की झूलाघाट झूला पुल पर तैनात ड्यूटी पार्टी को नेपाल से एक व्यक्ति के इलेक्ट्रॉनिक सामान लाने की सूचना पर डयूटी पर तैनात जवानों ने काले रंग का बैग लिए नेपाल से भारत की ओर आते हुए व्यक्ति को रोका गया तथा पहचान पत्र दिखाने को कहा गया, किंतु वह कोई भी पहचान पत्र प्रस्तुत नहीं कर सका।
तत्पश्चात उसके बैग को एक्स-रे मशीन में जांच कर बैग खोलकर देखा तो अंदर से पेनासोनिक कंपनी के कुल 70 पीस एडेप्टर बरामद हुए। जांच में पता चला कि एडेप्टर जापान निर्मित हैं। पकड़े गए व्यक्ति से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम डंबर सिंह कार्की, उम्र लगभग 45 वर्ष, निवासी ग्राम सेरा, दशरथचन्द नगरपालिका, जिला बैतड़ी (नेपाल) बताया।
घटनास्थल पर बुलाए गए नेपाल पुलिस इंचार्ज, झूलाघाट द्वारा उक्त व्यक्ति के पते की पुष्टि की गई, जो सही पाया गया। सामान से संबंधित कागजात मांगने पर व्यक्ति कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका तथा बरामद सामान के विषय में संतोषजनक जानकारी भी नहीं दे पाया। बरामद इलेक्ट्रॉनिक सामान तीसरे देश का पाए जाने तथा बिना वैध दस्तावेज होने के कारण सशस्त्र सीमा बल द्वारा उक्त सामान को जब्त कर विधि अनुसार कस्टम ऑफिस झूलाघाट के सुपुर्द किया गया।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







