पिथौरागढ़ : स्कूटी से शराब तस्करी का मामला, गिरफ्तार
ड्रिंक एण्ड ड्राइव’ में 03 व्यक्तियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

सीमांत जनपद में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी व यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देशन में पुलिस द्वारा चलाया जा रहा अभियान जारी है, जिसके तहत पुलिस ने शराब तस्करी व नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया है।

अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक कोतवाली डीडीहाट संजय जोशी के नेतृत्व में अपर उप निरीक्षक प्रदीप मिश्रा, कांस्टेबल दिनेश जोशी एवं चालक कांस्टेबल पृथ्वीपाल सिंह द्वारा दूनाकोट रोड पर चेकिंग के दौरान एक स्कूटी को रोका गया। तलाशी के दौरान आरोपी बलवन्त सिंह कन्याल, निवासी खेतार कन्याल किरौली, डीडीहाट, उम्र 46 वर्ष के कब्जे से 06 लीटर 750 मि.ली. अवैध कच्ची शराब बरामद की गई।
आरोपी बलवन्त सिंह कन्याल के विरुद्ध कोतवाली डीडीहाट में आबकारी अधिनियम की धारा 60/72 के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया तथा परिवहन में प्रयुक्त स्कूटी को भी सीज किया गया। प्रभारी निरीक्षक बेरीनाग नरेश कुमार, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली गंगोलीहाट कैलाश चन्द्र जोशी, एवं थानाध्यक्ष बलुवाकोट मेघा शर्मा के नेतृत्व में क्रमशः बेरीनाग, गंगोलीहाट एवं बलुवाकोट क्षेत्रों में वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया।
चेकिंग के दौरान शराब के नशे में वाहन चलाने वाले वाहन चालक प्रेम मेहरा (निवासी बेरीनाग), गौरव चौधरी (निवासी गंगोलीहाट) एवं विक्रम सिंह (निवासी धारचूला) को गिरफ्तार कर उनके वाहन सीज किए गए। इसके अतिरिक्त, जनपद पुलिस द्वारा अपने-अपने थाना क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाकर ट्रैफिक नियम उल्लंघन एवं मिशन मर्यादा अभियान के अंतर्गत कुल 154 व्यक्तियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की गई।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







