पिथौरागढ़ : विशेष बच्चों की शिक्षा और नशामुक्ति जागरूकता को लेकर मैराथन
जिलाधिकारी ने किया हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ

पिथौरागढ़ के द स्कॉलर्स एकेडमी द्वारा विशेष बच्चों की शिक्षा को प्रोत्साहित करने और नशामुक्ति के प्रति जन- जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से मैराथन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी आशीष भट्टगाई ने हरी झंडी दिखाकर किया।
इस दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि विशेष बच्चों को मुख्यधारा की शिक्षा से जोड़ने का यह सराहनीय प्रयास है। उन्होंने शिक्षकों और विद्यालय प्रबंधन की प्रतिबद्धता की प्रशंसा की। मैराथन कलेक्ट्रेट से प्रारंभ होकर एप्टेक तिराहा होते हुए रामलीला मैदान में समाप्त हुई। बालक वर्ग में कपिल धामी प्रथम, कृष्ण कुमार द्वितीय और कृष्ण बोहरा तृतीय रहे।
बालिका वर्ग में तनुजा धामी प्रथम, संतोषी द्वितीय और ज्योति कुमारी तृतीय रहीं। विजेताओं को वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. ललित भट्ट और विद्यालय के प्रधानाचार्य जग ज्योति जोशी द्वारा पदक, ट्रॉफी, प्रशस्ति पत्र और ट्रैकसूट प्रदान कर सम्मानित किया गया। विशेष बच्चों को भी डॉ. भट्ट ने पदक पहनाकर प्रोत्साहित किया।
विद्यालय प्रबंधन ने पुलिस विभाग, चिकित्सा विभाग, 80 यूके एनसीसी बटालियन, बीबीए विभाग तथा अन्य सहयोगी संस्थानों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में चिकित्सा विभाग की हिमानी पंत, विद्यालय के छात्र-छात्राएँ और अभिभावक उपस्थित थे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







