MeetingPithoragarhUttarakhand News

पिथौरागढ़ : जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान ही प्रशासन की पहचान: जिलाधिकारी

जनसुनवाई के दौरान संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश

जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में बीते दिवस जिलाधिकारी आशीष भटगांई की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनसुनवाई का आयोजन किया गया। जनसुनवाई का उद्देश्य जनसामान्य की समस्याओं को सीधे सुनकर उनका त्वरित, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करना रहा।

 

ad

 

जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जनसुनवाई कोई औपचारिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि जनता की वास्तविक समस्याओं के समाधान का सशक्त मंच है। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही, टालमटोल अथवा गैर-जिम्मेदारी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा, हर शिकायत का समाधान परिणामोन्मुखी होना चाहिए, ताकि कोई भी फरियादी निराश होकर न लौटे।ज की जनसुनवाई में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से 50 से अधिक शिकायतें प्राप्त हुईं।

 

 

इनमें से अधिकांश मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि जिन प्रकरणों में विभागीय जांच या प्रक्रिया आवश्यक थी, उन्हें संबंधित विभागों को तत्काल अग्रसारित करते हुए शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए। जनसुनवाई में प्राप्त प्रमुख शिकायतों में विकास कार्यों की तकनीकी जांच, मोटर मार्ग एवं पेयजल योजनाओं में अनियमितताएँ, निर्माण कार्यों में देरी, भूमि व रजिस्ट्री विवाद, वन पंचायत भूमि, पाइपलाइन मरम्मत, सड़क सुधार, विद्युत आपूर्ति, सोलर लाइट, पेंशन, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड एवं विभिन्न प्रमाणपत्रों से संबंधित समस्याएँ शामिल रहीं। कई मामलों में जिलाधिकारी ने स्वयं स्थलीय निरीक्षण कर त्वरित समाधान के निर्देश दिए।

 

जनसुनवाई के दौरान मुनाकोट निवासी तारा धानिक द्वारा मकान क्षतिग्रस्त होने की समस्या रखी गई। इस पर जिलाधिकारी ने संवेदनशीलता दिखाते हुए जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देश दिए कि संबंधित महिला को पंचायत घर में तत्काल अस्थायी आवास उपलब्ध कराया जाए। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को रखते हुए सड़क, पेयजल एवं विकास कार्यों में तेजी लाने की मांग की, जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए।

 

जिलाधिकारी ने अवगत कराया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार प्रत्येक सोमवार आयोजित होने वाली जनसुनवाई का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आमजन को बिना किसी भटकाव के त्वरित राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि जनता की समस्या का समय पर समाधान ही प्रशासन की असली पहचान है।

 

जनसुनवाई के उपरांत जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1905 पर लंबित शिकायतों की भी समीक्षा की। 36 दिनों से अधिक लंबित मामलों पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित विभागों को तत्काल समाधान एवं नियमित प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में अपर जिलाधिकारी योगेन्द्र सिंह, परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास आशीष पुनेठा, जिला विकास अधिकारी रमा गोस्वामी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!

सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page
आप इस पृष्ठ की सामग्री की प्रतिलिपि नहीं बना सकते