पिथौरागढ़ : डेटा अपलोड में नहीं चलेगी लापरवाही, जिलाधिकारी का सख्त संदेश
चेतना 4.0 अभियान में पिथौरागढ़ ने हासिल किया राज्य में पहला स्थान

ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा संचालित महिला सशक्तिकरण अभियान चेतना 4.0 के प्रभावी क्रियान्वयन में पिथौरागढ़ जनपद ने राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी आशीष भटगांई की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में अभियान के अंतर्गत संचालित गतिविधियों, डाटा संकलन एवं विभिन्न विभागों के योगदान की विस्तार से समीक्षा की गई। जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास निर्मल बसेड़ा ने बताया कि राज्य भर में दर्ज कुल 941 प्रविष्टियों में से 396 प्रविष्टियां पिथौरागढ़ जनपद से दर्ज की गई हैं, जो जिले की सक्रिय सहभागिता और बेहतर कार्यप्रणाली को दर्शाता है।
इस दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि चेतना 4.0 अभियान के तहत आयोजित प्रत्येक गतिविधि का सत्यापित एवं प्रमाणिक विवरण साक्ष्य आधारित समानता प्रबंधन सूचना प्रणाली पोर्टल पर निर्धारित समयसीमा के भीतर अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि डाटा प्रविष्टि में किसी भी प्रकार की लापरवाही या असंगति स्वीकार नहीं की जाएगी तथा इसके लिए संबंधित विभागों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
साथ ही जिलाधिकारी ने प्रत्येक विभाग में एक नोडल अधिकारी नामित करने, विभागीय समन्वय को मजबूत करने और अभियान की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। बैठक में मुख्य शिक्षा अधिकारी हरक राम कोहली, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी प्रशांत कौशिक, जिला पंचायती राज अधिकारी हरीश आर्या, जिला उद्योग केंद्र की महाप्रबंधक कविता भगत सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







