पिथौरागढ़ : सौर एवं तारकीय भौतिकी कार्यशाला का शुभारंभ
100 से अधिक छात्र शामिल

एलएसएम परिसर के भौतिकी विभाग में तीन दिवसीय सौर एवं तारकीय भौतिकी कार्यशाला का शुभारंभ हो गया। 16 से 18 अप्रैल तक चलने वाली इस कार्यशाला में 100 से अधिक छात्र-छात्राएं प्रतिभाग कर रहे हैं, जो हल्द्वानी, बेरीनाग, सीतलाखेत सहित विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे हैं।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व प्रोफेसर प्रो. बीसी भट्ट (इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ एस्ट्रोफिजिक्स, बेंगलुरु) ने खगोल भौतिकी के क्षेत्र में संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को शोध के लिए प्रेरित किया। परिसर निदेशक डॉ. हेम चंद्र पांडेय ने अतिथियों का स्वागत करते हुए संस्थान की शैक्षणिक उपलब्धियों की जानकारी दी।
प्रथम दिवस पर प्रो. भुवन जोशी ने सौर भौतिकी एवं अंतरिक्ष मौसम, डॉ. जीवन पांडे ने तारों का निर्माण एवं विकास तथा प्रो. बीसी भट्ट ने तारकीय समूह विषय पर व्याख्यान दिए। इसके अलावा डॉ. अनुपम भारद्वाज और डॉ. कौशल शर्मा ने भी आधुनिक तकनीकों पर जानकारी साझा की। कार्यशाला का संचालन डॉ. गरिमा पुनैठा एवं डॉ. अनुपम भारद्वाज द्वारा किया गया। बताया गया कि कार्यशाला में प्रतिभागियों को आदित्य-एल1 और गैया मिशन से जुड़े डेटा पर आधारित व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







