पिथौरागढ़ : पूर्व छात्रा दीपिका शर्मा (पीसीएस) मुख्य अतिथि बन लौटीं
ग्रीन वैली पब्लिक स्कूल का गौरव बढ़ाया

ग्रीन वैली पब्लिक स्कूल के लिए उस समय गर्व और भावुकता का पल बन गया, जब विद्यालय की पूर्व छात्रा दीपिका शर्मा उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) की पीसीएस परीक्षा में उद्यान अधिकारी पद पर चयनित होने के बाद पहली बार विद्यालय के साइंस कार्निवल के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचीं।
विद्यालय परिवार ने उनका भव्य स्वागत करते हुए इसे संस्थान के लिए प्रेरणादायी उपलब्धि बताया। ग्राम नेड़ा निवासी भुवन शर्मा एवं बीना शर्मा की पुत्री दीपिका शर्मा के विद्यालय पहुंचते ही विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। कई ऐसे छात्र भी मौजूद थे, जिन्होंने उसी समय विद्यालय में प्रवेश लिया था, जब दीपिका स्वयं यहां अध्ययनरत थीं।
आज उन्हें एक सफल प्रशासनिक अधिकारी के रूप में अपने बीच पाकर छात्र-छात्राएं उत्साहित और प्रेरित नजर आए। अपने संबोधन में दीपिका शर्मा ने विद्यालय में विद्यार्थियों की नेतृत्व क्षमता विकसित करने, मंच संचालन, आत्मविश्वास बढ़ाने और स्टेज फियर दूर करने के लिए नियमित रूप से आयोजित गतिविधियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि छात्र जीवन में मिले ऐसे अवसरों ने उनके व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और उन्हें बड़े लक्ष्य हासिल करने का आत्मविश्वास दिया।
इस दौरान उन्होंने साइंस कार्निवल में विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए लगभग 50 विज्ञान मॉडलों का अवलोकन किया। उन्होंने प्रत्येक मॉडल को ध्यानपूर्वक देखा, विद्यार्थियों से संवाद किया और उनके वैज्ञानिक दृष्टिकोण की प्रशंसा करते हुए नवाचार की दिशा में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
दीपिका शर्मा ने अपने छात्र जीवन की यादें साझा करते हुए बताया कि उन्हें राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस में राष्ट्रीय स्तर तक प्रतिभा प्रदर्शन का अवसर मिला था। इसी दौरान भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान वैज्ञानिक डॉ. ए. पी. जे. अब्दुल कलाम से मुलाकात ने उनके जीवन को नई दिशा दी और बड़े सपने देखने का आत्मविश्वास प्रदान किया।
विद्यालय परिवार ने दीपिका शर्मा की इस उपलब्धि पर उन्हें शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी सफलता वर्तमान विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का सशक्त स्रोत बनेगी। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि किसी भी शिक्षण संस्थान की सबसे बड़ी पहचान उसकी इमारत नहीं, बल्कि उसके वे विद्यार्थी होते हैं, जो अपनी मेहनत, प्रतिभा और उपलब्धियों से समाज में नई मिसाल कायम करते हैं
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







