DehradunPithoragarhUttarakhand News

पिथौरागढ़: 130 इन्फैंट्री बटालियन (टीए) इको कुमाऊं को मुख्यमंत्री प्रशंसा पुरस्कार से सम्मान

कर्नल गौरव नेगी और आनरेरी लेफ्टिनेंट कुलदीप सिंह ने ग्रहण किया प्रशंसा पत्र

पर्यावरण संरक्षण और वनीकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए पिथौरागढ़ स्थित 130 इन्फैंट्री बटालियन (टीए) इको कुमाऊं को उत्तराखंड मुख्यमंत्री प्रशंसा पुरस्कार-2026 से सम्मानित किया गया। देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने यूनिट के प्रतिनिधियों को प्रशंसा पत्र प्रदान किया।

 

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड में इको टास्क फोर्स द्वारा किए जा रहे पर्यावरण संरक्षण कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि पौधारोपण के साथ ही पौधों के संरक्षण और संवर्धन में जनसमुदाय की भागीदारी भी जरूरी है। कुमाऊं क्षेत्र में लगातार चलाए जा रहे वनीकरण एवं पर्यावरण संरक्षण अभियानों के माध्यम से इको टास्क फोर्स ने हरित आवरण बढ़ाने और पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

 

उन्होंने कहा कि यूनिट के समर्पित प्रयासों और स्थानीय समुदायों की सक्रिय भागीदारी से पर्यावरण संरक्षण को जमीनी स्तर पर जनअभियान का स्वरूप मिला है। उल्लेखनीय है कि कुमाऊं मंडल में इको टास्क फोर्स की दो यूनिट देहरादून और पिथौरागढ़ में कार्यरत हैं। इन इकाइयों द्वारा प्रतिवर्ष विभिन्न प्रजातियों के आठ लाख से अधिक पौधों का रोपण किया जाता है तथा रोपित पौधों की पांच वर्ष तक देखभाल भी की जाती है।

 

मुख्यमंत्री प्रशंसा पुरस्कार-2026 के तहत 130 इको टास्क फोर्स, पिथौरागढ़ के कमांडेंट कर्नल गौरव नेगी और आनरेरी लेफ्टिनेंट कुलदीप सिंह ने प्रशंसा पत्र ग्रहण किया। यूनिट को मिले इस सम्मान पर किसान भूषण पुरस्कार प्राप्त पूर्व सूबेदार केशवदत्त मखौलिया, मुस्कान सामाजिक उत्थान समिति, इंट्रिसिक क्लाइंबर्स एंड एक्सप्लोरर्स समेत विभिन्न संगठनों ने खुशी व्यक्त की। संगठनों ने इसे पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में इको टास्क फोर्स के निरंतर प्रयासों का सम्मान बताया।

 

हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!

सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page
आप इस पृष्ठ की सामग्री की प्रतिलिपि नहीं बना सकते