मुख्यमंत्री धामी ने विकास योजनाओं के लिए दी बड़ी सौगात
पिथौरागढ़ सहित कई जिलों में करोड़ों की स्वीकृति

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के विभिन्न जिलों में विकास एवं निर्माण कार्यों को गति देने के लिए करोड़ों रुपये की वित्तीय स्वीकृतियों को मंजूरी दी है। इनमें पिथौरागढ़ में सड़क निर्माण, टिहरी और ऊधमसिंह नगर में मंदिरों के सौंदर्यीकरण, देहरादून में आवास व ऊर्जा से जुड़ी योजनाओं तथा हल्द्वानी में परिवहन सुविधाओं के विकास से जुड़े कार्य शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने पिथौरागढ़ विधानसभा क्षेत्र में बेड़ा से भट्ठयानी मेल्टीनाथ तक आंतरिक संपर्क सीसी मार्ग के निर्माण के लिए 62.19 लाख रुपये की स्वीकृति दी है। इसके लिए प्रथम किश्त के रूप में 37.31 लाख रुपये जारी करने का अनुमोदन किया गया है। टिहरी जिले के देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड हिंडोलाखाल में नागचौण्ड शिवालय के सौंदर्यीकरण और विकास तथा
कीर्तिनगर के खोलाकड़ाकोट स्थित डुण्डेश्वर महादेव मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए कुल 1.05 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। प्रथम किश्त के रूप में 82.62 लाख रुपये की धनराशि अनुमोदित की गई है। वहीं ऊधमसिंह नगर के खटीमा में श्री गौरी शंकर महादेव मंदिर प्रांगण के सौंदर्यीकरण के लिए एक करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है, जिसमें प्रथम किश्त के रूप में 60 लाख रुपये जारी किए जाएंगे।
देहरादून के धौरणखास में टाइप-2 के 36 आवासों के निर्माण के लिए 2.27 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। इसके अलावा नाबार्ड वित्त पोषण से सिंचाई विभाग की 27 योजनाओं के लिए 61.76 करोड़ रुपये की योजना स्वीकृत की गई है। उरेडा मुख्यालय देहरादून में प्रस्तावित सुपर ईसीबीसी भवन के निर्माण के लिए 16.13 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है, जिसकी प्रथम किश्त के रूप में एक करोड़ रुपये का अनुमोदन किया गया है
हल्द्वानी में परिवहन सुविधाओं को मजबूत करने के लिए भी मुख्यमंत्री ने बड़ी धनराशि स्वीकृत की है। संभागीय परिवहन कार्यालय के अंतर्गत चालक प्रशिक्षण संस्थान के लिए 9.80 करोड़ रुपये, संभागीय परिवहन कार्यालय के लिए 10.98 करोड़ रुपये और स्वचालित वाहन परीक्षण ट्रैक के लिए 4.93 करोड़ रुपये की स्वीकृति का अनुमोदन किया गया है।
मुख्यमंत्री द्वारा चारधाम यात्रा मार्गों पर हैलीकॉप्टर संचालन की सुरक्षा तथा मौसम संबंधी वास्तविक समय की जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न हैलीपोर्टों/हैलीपैडों पर ऑटोमेटेड वेदर आबजर्विग सिस्टम एवं सीलोमीटर की आपूर्ति, स्थापना, परीक्षण, कमीशनिंग तथा 03 वर्ष की व्यापक अनुरक्षण सेवा हेतु ₹ 10 करोड के सापेक्ष अवशेष धनराशि ₹ 7.56 करोड़, में से ₹ 4.78 करोड़ की धनराशि अवमुक्त किये जाने का अनुमोदन प्रदान किया गया है।
इसके अलावा राज्य के घरेलू विद्युत उपभोक्ताओं को बिजली दरों में सब्सिडी देने के लिए 36.51 लाख रुपये की धनराशि अवमुक्त करने का भी अनुमोदन किया गया है।मुख्यमंत्री की इन स्वीकृतियों से सड़क, धार्मिक पर्यटन, आवास, सिंचाई, परिवहन, विमानन सुरक्षा और ऊर्जा क्षेत्र से जुड़ी योजनाओं को गति मिलने की उम्मीद है।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







