पिथौरागढ़ : हुड़दंग करने वालों पर पुलिस का शिकंजा, धारचूला में छह लोग हिरासत में
जाजरदेवल और अस्कोट में भी शांति व्यवस्था भंग करने वालों पर कार्रवाई, बेरीनाग में अवैध शराब बेचने व पिलाने के आरोप में एक गिरफ्तार

सीमांत जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है। धारचूला में शराब पीकर हंगामा करने वाले छह लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई, जबकि जाजरदेवल और अस्कोट में सार्वजनिक स्थानों पर उत्पात मचाने वाले दो लोगों को हिरासत में लिया गया।
वहीं ऑपरेशन प्रहार के तहत बेरीनाग में दुकान पर अवैध रूप से शराब बेचने और पिलाने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। कोतवाली धारचूला में एसएचओ एके सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने देर रात कस्बे में शराब पीकर हंगामा और हुड़दंग करने वाले छह लोगों को थाने लाकर उनके खिलाफ धारा 81 पुलिस अधिनियम के तहत चालान की कार्रवाई की।
थाना जाजरदेवल में एसओ प्रकाश पांडेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शांति व्यवस्था ड्यूटी के दौरान सार्वजनिक स्थान पर उत्पात मचाने के आरोप में गिरीश चंद को हिरासत में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की। वहीं, थाना अस्कोट में एसएचओ रविंद्र यादव के नेतृत्व में पुलिस ने शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में राहुल सिंह को हिरासत में लिया।
इधर, ऑपरेशन प्रहार के तहत बेरीनाग कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार गंगवार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम भूल की अध्याली में चेकिंग के दौरान कैलाश राम को दुकान में अवैध रूप से शराब बेचते और पिलाते हुए गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ कोतवाली बेरीनाग में धारा 21/60 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में अपर उपनिरीक्षक शांति प्रकाश, हेड कांस्टेबल मोहन सिंह और हेड कांस्टेबल राजकुमार शामिल रहे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







